

चांशल की दुर्गम पहाड़ियों में 6 किलोमीटर की कठिन ट्रेकिंग पूरी की।
जगदलपुर के काकतीय कॉलेज के कैडेट ने बढ़ाया बस्तर और छत्तीसगढ़ का मान।
करीब 6 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण ट्रेकिंग पूरी कर सिर्फ एक कठिन लक्ष्य हासिल किया।
Bastar NSS Cadet Bhuvneshwar Kashyap: बस्तर के युवाओं का हुनर और हौसला अब हिमालय की ऊंची चोटियों तक अपनी पहचान बना रहा है। जगदलपुर के शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के एनएसएस कैडेट भुवनेश्वर कश्यप ने हिमाचल प्रदेश की चांशल पहाड़ियों में समुद्र तल से 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर अपनी साहसिक क्षमता का शानदार परिचय दिया है। करीब 6 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण ट्रेकिंग पूरी कर उन्होंने न सिर्फ एक कठिन लक्ष्य हासिल किया, बल्कि हिमालय की ऊंचाइयों पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का ध्वज प्रदर्शित कर बस्तर का गौरव भी बढ़ाया।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में स्थित रीजनल एडवेंचर स्पोर्ट्स सेंटर हटकोटी में आयोजित 10 दिवसीय एडवेंचर कैंप में छत्तीसगढ़ के कैडेट हिस्सा ले रहे हैं। इसी कैंप के दौरान भुवनेश्वर ने चांशल की दुर्गम पहाड़ियों का रुख किया। ऊबड़-खाबड़ रास्ते, खड़ी चढ़ाई और चुनौतीपूर्ण प्राकृतिक परिस्थितियों के बीच लगातार आगे बढ़ते हुए उन्होंने 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचने का लक्ष्य पूरा किया।
हिमालय की विशाल पर्वत श्रृंखलाओं और मनमोहक प्राकृतिक नजारों के बीच यह उपलब्धि भुवनेश्वर के लिए यादगार बन गई। चांशल की पहाड़ियों पर NSS का बैनर प्रदर्शित करते हुए उन्होंने यह संदेश भी दिया कि बस्तर के युवा अब अपनी प्रतिभा और साहस से देश के अलग-अलग क्षेत्रों में पहचान बना रहे हैं।
हटकोटी में आयोजित इस 10 दिवसीय शिविर में कैडेटों को विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास विकसित करना है।
भुवनेश्वर कश्यप की यह उपलब्धि उनके महाविद्यालय के साथ बस्तर और छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरव का विषय है। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि अवसर और संकल्प मिले तो बस्तर के युवा अपनी प्रतिभा का परचम देश की सबसे ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं तक लहरा सकते हैं।