महाराष्ट्र में जमीन से जुड़े सरकारी काम होंगे आसान, 20 सेवाएं घटाकर अब सिर्फ 6 की गईं

Maharashtra Land Records Services: सरकार ने भूमि अभिलेख विभाग की 20 सेवाओं को पुनर्गठित कर 6 प्रमुख श्रेणियों में समाहित किया है। जमीन की माप, फेरफार और संपत्ति पत्रिका जैसी सेवाएं ऑनलाइन मिलेंगी।
Chandrashekhar Bawankule Land Record Decision
चंद्रशेखर बावनकुले (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • भूमि अभिलेख विभाग की 20 सेवाएं घटाकर छह श्रेणियों में की गईं।

  • जमीन की माप और नामांतरण की सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी।

  • आपले सरकार और मैत्री पोर्टल से मिलेंगी सेवाएं।

  • पुराने डिजिटल दस्तावेजों की प्रतियों वाली सेवाएं बंद होंगी।

  • गैर-डिजिटल पुराने नक्शे और दस्तावेज ई-महाभूमि पर अपलोड होंगे।

Chandrashekhar Bawankule Land Record Decision: महाराष्ट्र में जमीन और संपत्ति से जुड़े सरकारी कामकाज को आसान, तेज और पारदर्शी बनाने के लिए देवेंद्र फडणवीस सरकार ने बड़ा फैसला लिया है।

राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की पहल पर भूमि अभिलेख विभाग की पहले से संचालित 20 सेवाओं का पुनर्गठन कर उन्हें अब केवल 6 प्रमुख सेवाओं में समाहित कर दिया गया है। इस निर्णय से नागरिकों को जमीन की माप, फेरफार (नामांतरण), संपत्ति पत्रिका और पुराने भूमि दस्तावेज प्राप्त करने के लिए होने वाली अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलने वाली है।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली समिति की मंजूरी

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने यह पहल की है। नियोजन विभाग के नियमों के अनुसार तथा मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली समिति की मंजूरी के बाद राजस्व विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। नई व्यवस्था के तहत नागरिकों, सरकारी विभागों और अन्य को ये सेवाएं ऑनलाइन पोर्टल, ‘आपले सरकार’ और ‘मैत्री’ पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी।

इन 6 प्रमुख सेवाओं में होगा कामकाज

नई व्यवस्था के तहत भूमि अभिलेख विभाग की सेवाओं को 6 श्रेणियों में बांटा गया है। सभी प्रकार की जमीन की माप और काम पूरा होने पर माप नक्शे की ‘क’ प्रति उपलब्ध कराना। आकारफोड़, कम-ज्यादा पत्रक तैयार करना और नक्शे में सुधार करना।

सभी प्रकार के नामांतरण रिकॉर्ड दर्ज करना।वऑनलाइन उपलब्ध नहीं होने वाले पुराने नक्शे और दस्तावेज उपलब्ध कराना। संपत्ति पत्रिका के विभाजन के बाद अलग-अलग संपत्ति पत्रिका तैयार करना। और भूमि अधिग्रहण के मामलों में सड़क, रोड सेटबैक और आरक्षित जमीन के लिए स्वतंत्र संपत्ति पत्रिका तैयार करना।

ऑनलाइन दस्तावेजों की प्रतियों की सेवाएं होंगी बंद

महाराष्ट्र सरकार ने उन सेवाओं को बंद करने का भी निर्णय लिया है, जिनके पुराने रिकॉर्ड स्कैन होकर डिजिटल रूप में पहले से ऑनलाइन उपलब्ध हैं। इनमें संपत्ति पत्रिका, मुंबई उपनगर संपत्ति पत्रिका, टिपण, क्षेत्र पुस्तिका, प्रतिबुक, खेत पुस्तिका, जवाब, फालणी, आकारबंद, गट नक्शा, माप नक्शा और अपील के फैसलों की प्रतियां शामिल हैं। इसके अलावा सामान्य और तत्काल जमीन माप, विभिन्न प्रकार की आकारफोड़, फेरफार और संपत्ति पत्रिका विभाजन जैसी समान प्रकृति की सेवाओं को एकीकृत किया गया है। जो मूल दस्तावेज और नक्शे अभी डिजिटल नहीं हैं, उन्हें स्कैन कर जानकारी के साथ ‘ई-महाभूमि’ पोर्टल पर अपलोड करने के लिए नई सेवा शुरू की जाएगी।

Chandrashekhar Bawankule Land Record Decision
सभी पार्टियों ने आंबेडकर को एक समुदाय तक सीमित रखा, अभिजीत दीपके के बदले तेवर; विपक्ष से खफा हुई CJP?

शिकायत और अपील की भी व्यवस्था

नई व्यवस्था के तहत पहली अपील जिला अधीक्षक भूमि अभिलेख, उप अधीक्षक भूमि अभिलेख अथवा नगर भूमापन अधिकारी के पास की जा सकेगी। दूसरी अपील उपसंचालक भूमि अभिलेख के समक्ष होगी। नियमों और तकनीकी निर्देशों की जिम्मेदारी जमाबंदी आयुक्त एवं संचालक भूमि अभिलेख, पुणे को दी गई है। ऑनलाइन व्यवस्था विकसित करने का काम भूमि अभिलेख विभाग और महाआईटी मिलकर करेंगे।

Chandrashekhar Bawankule Land Record Decision
1970 में भी किसी को तानाशाही का भूत चढ़ा था…, नागपुर में अभिजीत दीपके ने की PM मोदी की इंदिरा गांधी से तुलना

समयबद्ध, पारदर्शी व डिजिटल सेवाएं - बावनकुले

राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के अनुसार, सेवाओं के सरलीकरण से अनावश्यक दस्तावेज, सरकारी कार्यालयों के चक्कर और मंजूरी के चरण कम होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है।