नवभारत की खबर का असर, बैलाडीला लैंडस्लाइड पर NMDC के खिलाफ वन अपराध दर्ज, सरकार भी हुई सख्त

Bailadila NMDC Landslide: बैलाडीला लैंडस्लाइड को लेकर अब सरकार भी सख्त हो गई है। वन विभाग ने इस मामले में NMDC के खिलाफ प्रारंभिक वन अपराध रिपोर्ट (POR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Dantewada Bailadila Landslide case,
बैलाडीला लैंडस्लाइड पर NMDC(सोर्स- नवभारत लाइव )
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • बैलाडीला लैंडस्लाइड पर NMDC मामले में नवभारत लाइव की खबर का हुआ असर।

  • NMDC के खिलाफ प्रारंभिक वन अपराध रिपोर्ट (POR) दर्ज कर जांच शुरू।

  • वन मंत्री केदार कश्यप बोले- नुकसान का विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा।

  • करीब 30 हेक्टेयर घने आरक्षित वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचने की आशंका।

  • NMDC इस घटना को प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल का परिणाम बता रहा।

Chhattisgarh Bailadila Landslide Case Update: बैलाडीला की पहाड़ियों में डिपॉजिट-14 के खनन अपशिष्ट का मलबा खिसकने से हुई तबाही अब केवल पर्यावरणीय नुकसान का मामला नहीं रह गई है। वन विभाग ने इस मामले में NMDC के खिलाफ प्रारंभिक वन अपराध रिपोर्ट (POR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरक्षित वन क्षेत्र तक मलबा पहुंचने और बड़े पैमाने पर पेड़-पौधों को नुकसान की प्रारंभिक पुष्टि के बाद अब प्रदेश सरकार ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। बता दें कि नवभारत लाइव ने लगातार इस खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। जिसके बाद मामले में कार्रवाई हुई है।

पेड़ों और वन्यजीवों को हुए नुकसान के आधार पर कार्रवाई

वन मंत्री केदार कश्यप ने स्पष्ट किया है कि भूस्खलन से जंगलों, पेड़-पौधों और वन्यजीवों को हुए नुकसान का विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा। उन्होंने हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स (HoFF) को प्रभावित क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने बताया कि करीब 50 सेक्टर क्षेत्र में मलबा बहने की जानकारी सामने आई है। पेड़ों और वन्यजीवों को हुए नुकसान की जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Dantewada Bailadila Landslide case,
नवभारत लाइव की खबर का असर, बैलाडीला भूस्खलन के बाद NMDC में कार्रवाई, GM सुधांशु वर्मा निलंबित

वन विभाग की इस कार्रवाई और सरकार के सख्त रुख से अब सवाल उठने लगा है कि दशकों से पहाड़ी पर जमा खनन अपशिष्ट के रखरखाव और सुरक्षा इंतजामों की जिम्मेदारी किसकी थी और यदि लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी?

30 हेक्टेयर जंगल प्रभावित, हजारों पेड़ मलबे में दबे

वन विभाग के शुरुआती मैदानी आकलन में करीब 30 हेक्टेयर घने आरक्षित वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचने और हजारों पेड़ों के नष्ट होने की जानकारी सामने आई है। मलबे ने नंदराज पहाड़ियों से निकलने वाली प्राकृतिक जलधाराओं को भी अपनी चपेट में ले लिया है। इससे आसपास के गांवों के जलस्रोतों पर असर पड़ने की आशंका है।

लोहागांव की देवस्थली के मलबे में दबने और गांव को जोड़ने वाले रास्ते के बाधित होने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। वहीं, डिपॉजिट-14 के ऊपरी हिस्से में नई दरारों की खबरों ने एक और बड़े धंसाव की आशंका पैदा कर दी है।

NMDC के दावे और वन विभाग की कार्रवाई में टकराव

एक तरफ NMDC इस घटना को प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल का परिणाम बता रहा है। कंपनी का दावा है कि उसका पुराना वेस्ट डंप करीब दो दशक से स्थिर था और अब IIT बॉम्बे के विशेषज्ञों की मदद से जमीन की आंतरिक संरचना और धंसाव के कारणों की जांच कराई जा रही है।

Dantewada Bailadila Landslide case,
महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में ED की बड़ी दबिश, दुर्ग के चर्चित होटल और बंगले पर छापेमारी

दूसरी तरफ वन विभाग का कहना है कि NMDC को खनन अपशिष्ट के डंप को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सुधारात्मक और सुरक्षात्मक उपाय करने चाहिए थे, ताकि इस तरह की घटना को रोका जा सके।

यही विरोधाभास अब जांच का सबसे अहम पहलू बन गया है। क्या यह केवल प्राकृतिक भूगर्भीय घटना थी या खनन अपशिष्ट के प्रबंधन में हुई चूक ने नुकसान को इतना व्यापक बना दिया? इसका जवाब तकनीकी जांच और वन अपराध की विवेचना से सामने आना बाकी है।

अब जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

बैलाडीला की इस घटना ने खनन गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग ने जहां NMDC के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है, वहीं वन मंत्री ने भी आला अधिकारियों को नुकसान का विस्तृत आकलन करने के निर्देश दिए हैं।

अब देखना होगा कि जांच में आरक्षित वन क्षेत्र को हुए नुकसान की वास्तविक तस्वीर कितनी भयावह निकलती है और इस पूरे मामले में जिम्मेदारी किसकी तय होती है। फिलहाल बैलाडीला की पहाड़ियों से खिसका मलबा NMDC के साथ-साथ सरकारी तंत्र के लिए भी बड़ी चुनौती बन गया है।