पटवारी-RI पेपर लीक मामले में दो आरोपी गिरफ्तार।
EOW ने दिल्ली से दोनों को पकड़ा।
रायपुर कोर्ट ने 8 दिन की पुलिस रिमांड दी।
परीक्षा से पहले पेपर लीक करने और रकम वसूलने का आरोप।
216 अभ्यर्थियों का हुआ था चयन।
Chhattisgarh Raipur Paper Leak Case : छत्तीसगढ़ के चर्चित पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) पदोन्नति परीक्षा पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW-ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
दोनों पर परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र हासिल कर अभ्यर्थियों तक पहुंचाने और इसके बदले मोटी रकम वसूलने का आरोप है। रायपुर की विशेष अदालत ने दोनों आरोपियों को 23 नवंबर यानी 8 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 35 वर्षीय वीर सिंह जाटव और 41 वर्षीय अरविंद जाटव के रूप में हुई है। दोनों मध्यप्रदेश के भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र के ग्राम घना की गड़िया के निवासी हैं। EOW ने 16 नवंबर को दोनों को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया, जहां से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड मिली।
दरअसल, 7 जनवरी 2024 को पटवारियों को राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण के लिए चयनित करने के उद्देश्य से विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा का आयोजन परीक्षा आयुक्त, भू-अभिलेख की ओर से किया गया था। इसके परिणाम के आधार पर 216 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था।
बाद में परीक्षा में गड़बड़ी और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आईं। इसके बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने उच्च स्तरीय जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर सामान्य प्रशासन विभाग ने मामला EOW-ACB को सौंप दिया। शुरुआती जांच में अनियमितताओं के तथ्य मिलने के बाद एजेंसी ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
EOW-ACB की जांच के मुताबिक, वीर सिंह जाटव और अरविंद जाटव ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से जुड़े सह-आरोपी वीरेन्द्र जाटव के साथ मिलकर पेपर लीक करने की साजिश रची थी। आरोप है कि परीक्षा की गोपनीयता भंग करते हुए दोनों ने परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र हासिल कर लिया और इसे परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों तक पहुंचाया।
जांच एजेंसी के अनुसार, प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने और लीक पेपर से तैयारी के लिए जगह मुहैया कराने के बदले अभ्यर्थियों से मोटी रकम भी वसूली गई थी। अब EOW इस पूरे नेटवर्क और लेन-देन से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
EOW ने 15 नवंबर 2026 को कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में दोनों आरोपियों की पहचान परेड कराई थी। इस दौरान परीक्षा में शामिल हुए संबंधित पटवारियों ने आरोपियों की पहचान प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने, तैयारी के लिए स्थान मुहैया कराने और अवैध वसूली करने वाले व्यक्तियों के रूप में की।
जांच में संलिप्तता से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। अब पुलिस रिमांड के दौरान उनसे पेपर लीक की पूरी प्रक्रिया, इसमें शामिल अन्य लोगों और अभ्यर्थियों से वसूली गई रकम के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7(सी) और भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल EOW-ACB की जांच जारी है।