आंचला गिरी (सोर्स - सोशल मीडिया)
छत्तीसगढ़

CGPSC 2021 की होनहार आंचला गिरी निकली रिश्वतखोर अफसर, सरकार ने की कार्रवाई, जानिए पूरा प्रोफाइल

Anchala Giri Suspended : तीन साल पहले CGPSC परीक्षा पास कर सरकारी अधिकारी बनने वाली आंचला गिरी की गिरफ्तारी और फिर निलंबन ने प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है।

रोहित कुमार बंछोर

HIGHLIGHTS

  • आंचला गिरी मूल रूप से अंबिकापुर की रहने वाली हैं।

  • कलेक्टर की गाड़ियों से मिली थी अधिकारी बनने की प्रेरणा।

  • CGPSC 2022 से बनीं GST सहायक आयुक्त।

  • डेढ़ लाख की रिश्वत लेते ACB ने किया गिरफ्तार।

  • गिरफ्तारी के 24 घंटे में विभाग ने किया सस्पेंड।

Kanker Anchala Giri Suspended : छत्तीसगढ़ के कांकेर में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार GST की सहायक आयुक्त आंचला गिरी इन दिनों चर्चा में हैं। ACB की कार्रवाई के बाद राज्य कर विभाग ने भी उन्हें निलंबित कर दिया है। तीन साल पहले CGPSC परीक्षा पास कर सरकारी अधिकारी बनने वाली आंचला गिरी की गिरफ्तारी और फिर निलंबन ने प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है।

उनकी अधिकारी बनने की कहानी भी दिलचस्प है। अंबिकापुर में उनके घर के पास ही कलेक्टर का निवास था। अधिकारियों की गाड़ियों को आते-जाते देखकर उनके मन में भी अधिकारी बनने की प्रेरणा जगी थी। तो आइए जानते हैं कौन हैं आंचला गिरी, कब हुआ था उनका चयन और किस तरह रिश्वत मामले में उन पर कार्रवाई हुई।

कौन हैं आंचला गिरी, कहां से की पढ़ाई?

आंचला गिरी मूल रूप से सरगुजा जिले के अंबिकापुर की रहने वाली हैं। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी खास रही है। उन्होंने गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर से बीकॉम की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद गणित विषय में एमएससी की डिग्री हासिल की।

अंबिकापुर में उनके घर के पास कलेक्टर का निवास था। वहां प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियों को आते-जाते देखकर उनके मन में भी अधिकारी बनने का सपना जागा। यही प्रेरणा आगे चलकर उनके प्रशासनिक सेवा में जाने की इच्छा का आधार बनी। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की और CGPSC में सफलता हासिल कर राज्य कर विभाग में सहायक आयुक्त बनीं।

कब हुआ था चयन, कहां मिली पहली पोस्टिंग?

आंचला गिरी का चयन छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) 2022 परीक्षा के माध्यम से राज्य कर विभाग में सहायक आयुक्त के पद पर हुआ था। अप्रैल 2024 में उन्होंने विभाग में ज्वाइन किया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने निमोरा स्थित राष्ट्रीय सीमा शुल्क, अप्रत्यक्ष कर एवं नारकोटिक्स अकादमी (NACIN) और कोष, लेखा एवं पेंशन निदेशालय में प्रशिक्षण लिया।

उनकी पहली पदस्थापना नवा रायपुर स्थित राज्य कर विभाग के मुख्यालय में हुई थी। इसके बाद मार्च 2025 में उनका तबादला कांकेर जिले में कर दिया गया। गिरफ्तारी से पहले तक वह यहीं सहायक आयुक्त के पद पर कार्यरत थीं।

जीएसटी अफसर आंचला गिरी सस्पेंड

डेढ़ लाख की रिश्वत मामले में कैसे हुई कार्रवाई?

आंचला गिरी के खिलाफ कार्रवाई कांकेर के कबाड़ कारोबारी शोएब रंगरेज की शिकायत के बाद हुई। शिकायत के मुताबिक, ई-वे बिल से जुड़े मामले में कारोबारी का ट्रक छुड़ाने और GST प्रकरण में राहत दिलाने के बदले रिश्वत मांगी गई थी। आरोप है कि 10 लाख रुपये तक जुर्माने की धमकी देकर 1.50 लाख रुपये रिश्वत और 50 हजार रुपये वैध जुर्माने के रूप में देने का सौदा तय हुआ था।

शिकायत के सत्यापन के बाद रायपुर और जगदलपुर ACB की 18 सदस्यीय संयुक्त टीम ने 21 नवंबर 2026 को कांकेर में कार्रवाई की। आरोप है कि ACB की टीम को देखते ही आंचला गिरी ने रिश्वत की रकम के नोट घर के बाहर नाली में फेंक दिए। हालांकि, अधिकारियों ने मौके से डेढ़ लाख रुपये बरामद कर लिए। मामले में रकम पहुंचाने वाले मध्यस्थ CA इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर हुईं सस्पेंड

ACB की कार्रवाई के बाद राज्य कर आयुक्त ने 22 नवंबर 2026 को आंचला गिरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत की गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जगदलपुर संभाग स्थित राज्य कर संयुक्त आयुक्त कार्यालय निर्धारित किया गया है।

इस तरह अंबिकापुर में अधिकारियों की गाड़ियों को देखकर अधिकारी बनने का सपना संजोने वाली आंचला गिरी ने CGPSC के जरिए प्रशासनिक सेवा में जगह बनाई, लेकिन अब रिश्वत के आरोप में गिरफ्तारी और विभागीय निलंबन का सामना कर रही हैं। मामले में ACB की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

राहुल गांधी से डिबेट के लिए BJP का जिला अध्यक्ष ही काफी, चंडीगढ़ में नितिन नबीन ने दी खुली चुनौती

सांसदों को खरीदने का धंधा किसने शुरू किया? अरविंद सावंत ने भाजपा को घेरा, इलेक्टोरल बॉन्ड पर उठाए सवाल

बंगाल की BJP विधायक रेखा पात्रा की हालत गंभीर, अस्पताल में वेंटिलेटर पर; शरीर में मिला कीटनाशक का जहर

26/11 की बरसी पर हैदराबाद को दहलाने की साजिश, लतीफ भट की मौत का बदला लेने की धमकी; हाई अलर्ट पर पुलिस

NEET पेपर लीक में बड़ा एक्शन, NTA के 3 विशेषज्ञों समेत 14 आरोपियों पर आरोप तय; 25 नवंबर से ट्रायल