15 दिन से लापता 70 वर्षीय महिला का खेत में मिला कंकाल।
ग्राम गातापार में अवशेष मिलने से मचा हड़कंप।
नवरात्रि में सड़क पर दिखा था तेंदुआ।
आसपास के गांवों में मवेशियों के शिकार की घटनाएं।
पुलिस, वन विभाग और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच।
Chhattisgarh Khairagarh News : छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में एक बुजुर्ग महिला की रहस्यमयी मौत ने वनांचल क्षेत्र में दहशत फैला दी है। करीब 15 दिनों से लापता 70 वर्षीय अनुसूईया बाई मंडावी का कंकाल रविवार को धान के खेत में मिला।
महिला के अवशेष मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच हड़कंप मच गया। इलाके में पहले तेंदुए की मौजूदगी और मवेशियों के शिकार की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने महिला की मौत के पीछे तेंदुए के हमले की आशंका जताई है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम गातापार निवासी अनुसूईया बाई मंडावी पिछले करीब 15 दिनों से लापता थीं। उनके अचानक घर से गायब होने के बाद परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में तलाश की। जंगल, खेत और आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की गई, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने छुईखदान थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
महिला की तलाश के दौरान रविवार को धान के खेत में उनका कंकाल मिलने की जानकारी सामने आई। 15 दिनों से जिस महिला की तलाश की जा रही थी, उनके अवशेष इस हालत में मिलने से परिवार के साथ पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।
इस घटना ने इसलिए भी गंभीर रूप ले लिया है क्योंकि ग्रामीण पहले से ही इलाके में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर चिंतित थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नवरात्रि के दौरान क्षेत्र की सड़क पर तेंदुआ दिखाई दिया था। उस समय कई लोगों ने उसे देखा था, जबकि कुछ ग्रामीणों ने मोबाइल फोन में उसकी तस्वीरें भी कैद की थीं।
इसके अलावा आसपास के गांवों में पिछले एक-दो दिनों के भीतर गाय के शिकार की घटना सामने आने की भी बात कही जा रही है। ग्रामीणों का दावा है कि जिस स्थान पर महिला का कंकाल मिला है, उसके आसपास तेंदुए के पंजों जैसे निशान भी दिखाई दिए हैं।
इन परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीण आशंका जता रहे हैं कि कहीं बुजुर्ग महिला किसी जंगली जानवर का शिकार तो नहीं बन गईं। हालांकि, पंजों जैसे निशान मिलने के दावे की वन विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कंकाल मिलने की सूचना पर छुईखदान थाना प्रभारी केसरी साहू के नेतृत्व में पुलिस बल, वन विभाग और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। महिला के अवशेषों को जांच के लिए भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस और वन विभाग मौत की परिस्थितियों की पड़ताल कर रहे हैं। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला की मौत किसी वन्यजीव के हमले में हुई अथवा इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
15 दिनों तक लापता रही बुजुर्ग महिला का खेत में कंकाल मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे महिला की मौत का वास्तविक कारण सामने आ सकेगा।