विवादित वीडियो मामले में थाने पहुंचे अमित जोगी, पुलिस के सामने स्वीकार की बनाने की बात

Raipur Viral Video Controversy : आपत्तिजनक वीडियो के मामले में जकांछ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मंगलवार को अपना बयान दर्ज कराने सिविल लाइन थाने पहुंचे।
Viral Video Controversy
छत्तीसगढ़ रायपुर वायरल वीडियो विवादसोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • विवादित वीडियो मामले में थाने पहुंचे अमित जोगी।

  • पुलिस के सामने वीडियो बनाने की बात स्वीकार की।

  • भाजपा नेता राजेश मूणत ने दर्ज कराई थी शिकायत।

  • सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज किया अमित जोगी का बयान।

  • वीडियो हटाने के बाद भी जारी है पुलिस जांच।

Chhattisgarh Raipur Viral Video Controversy : प्रधानमंत्री और चुनाव आयुक्त के किरदारों को लेकर बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो के मामले में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मंगलवार को अमित जोगी अपना बयान दर्ज कराने राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचे। यहां पुलिस अधिकारियों ने उनसे विवादित वीडियो बनाने, उसकी सामग्री और सोशल मीडिया पर साझा करने को लेकर पूछताछ की।

भाजपा नेताओं ने जताई थी आपत्ति

दरअसल, इस पूरे मामले की शुरुआत सोशल मीडिया पर अमित जोगी द्वारा साझा किए गए एक वीडियो से हुई थी। वीडियो में प्रधानमंत्री और चुनाव आयुक्त के किरदारों को लेकर की गई प्रस्तुति पर भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई थी। भाजपा नेताओं ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए विरोध दर्ज कराया था। इसके बाद भाजपा विधायक एवं वरिष्ठ नेता राजेश मूणत ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की थी।

नोटिस जारी कर थाने में उपस्थित होने के दिए निर्देश

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमित जोगी और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच के लिए पुलिस ने अमित जोगी को नोटिस जारी कर थाने में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए थे। हालांकि, इससे पहले नोटिस के जवाब में अमित जोगी ने गुजरात दौरे पर होने का हवाला देते हुए तत्काल थाने पहुंचने में असमर्थता जताई थी। मंगलवार को वह खुद सिविल लाइन थाने पहुंचे और पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराया।

Viral Video Controversy
कोरिया में जीजा की हत्या से मचा हड़कंप, आरोपी साला गिरफ्तार, अन्य आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

पुलिस के सामने वीडियो बनाने की बात स्वीकार की

थाने में पूछताछ के दौरान अमित जोगी ने विवादित वीडियो को लेकर महत्वपूर्ण बात स्वीकार की। उन्होंने माना कि वीडियो उनके द्वारा ही बनाया गया था। उनका कहना था कि कुछ लोगों को वीडियो पसंद नहीं आया, जिसके बाद उन्होंने इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। हालांकि, सोशल मीडिया से वीडियो हटाने के बावजूद पुलिस की जांच जारी है।

वीडियो के उद्देश्य और अन्य लोगों की भूमिका की जांच

अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि विवादित वीडियो किस उद्देश्य से तैयार किया गया था और इसे बनाने तथा प्रसारित करने में किन लोगों की भूमिका रही। इसके अलावा शिकायत में लगाए गए आरोपों और अमित जोगी के बयान का भी मिलान किया जा रहा है।

Viral Video Controversy
सुलेशन के नशे में डूब रहा बचपन! भाटापारा में स्कूली बच्चे कैमरे में हुए कैद