भिलाई में होने वाले हैं नगरीय निकाय चुनाव।
मतदाताओं के बदल गए हैं वार्ड: भूपेश बघेल।
आपत्तियों का समाधान नहीं होने पर हाईर्कोट जाने की चेतावनी।
दुर्ग में एसआईआर को लेकर सियासत तेज।
Chhattisgarh SIR Voter List Controversy: छत्तीसगढ़ में एसआईआर के तहत मतदाता सूची को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता कर भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरोदा नगर निगम और जामुल नगर पालिका की प्रारंभिक मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर मतदाताओं के वार्ड बदले जाने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब परिसीमन नहीं हुआ, तो एक वार्ड के मतदाताओं के नाम दूसरे वार्ड में कैसे स्थानांतरित हो गए? बघेल ने चेतावनी दी कि आपत्तियों का समाधान नहीं होने पर कांग्रेस इस मामले को लेकर हाईकोर्ट जाएगी।
भूपेश बघेल के मुताबिक, भिलाई नगर निगम में वार्ड 3 से 5 में 192, वार्ड 5 से 3 में 493, वार्ड 9 से 10 में 721 और वार्ड 9 से 11 में 556 मतदाताओं के नाम स्थानांतरित किए गए हैं। इसके अलावा वार्ड 15 से 14 में 232, वार्ड 17 से 18 में 316 और वार्ड 59 से 60 में 228 मतदाताओं के स्थानांतरण का दावा किया गया।
बघेल ने रिसाली नगर निगम की मतदाता सूची में वार्ड 3 से 4 में 250, वार्ड 25 से 24 में 358 और वार्ड 26 से 31 में 416 मतदाताओं के नाम स्थानांतरित होने का मुद्दा उठाया। वहीं, भिलाई-चरोदा नगर निगम में वार्ड 2 से 3 में 202 और वार्ड 22 से 23 में 304 मतदाताओं के नाम स्थानांतरित होने का दावा किया। जामुल नगर पालिका में वार्ड 20 से 19 में 196 मतदाताओं के स्थानांतरण पर भी सवाल उठाए गए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रारंभिक मतदाता सूची में सामने आई कथित गड़बड़ियों को लेकर 30 अक्टूबर तक आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आपत्तियों का निराकरण करने की मांग की। बघेल ने स्पष्ट किया कि यदि मतदाताओं की शिकायतों का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस न्यायालय का रुख करेगी। बघेल के इन आरोपों के बाद अब मतदाता सूची में वार्डवार हुए बदलाव और उनके कारणों को लेकर चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं।