बिन्ता धान खरीदी केंद्र सोर्स- नवभारत लाइव
बस्तर

नवभारत लाइव की खबर का असर, हरकत में आया बैंक प्रबंधन, बिन्ता और ककनार में तैनात हुआ स्टाफ

Paddy Procurement In Bastar: धान खरीदी में अव्यवस्था की शिकायत पर हुआ त्वरित एक्शन, अब किसानों को नहीं होगी कर्मचारियों की कमी से परेशानी, 37 केंद्रों की खरीदी लिमिट बढ़ाने का भी प्रस्ताव।

अजय श्रीवास्तव, रोहित कुमार बंछोर

HIGHLIGHTS

  • नवभारत लाइव की खबर का असर, बैंक प्रबंधन हरकत में।

  • बिन्ता और ककनार धान केंद्रों में स्टाफ तैनात।

  • दोनों केंद्रों में खरीदी प्रभारी और ऑपरेटर नियुक्त।

  • किसान सोमारू यादव का टोकन 26 नवंबर तक बढ़ा।

  • जिले के 37 केंद्रों की खरीदी लिमिट बढ़ाने का प्रस्ताव।

Chhattisgarh Disarray In Paddy Procurement Center : नवभारत लाइव की खबर का असर आखिरकार दिखने लगा है। लोहंडीगुड़ा क्षेत्र के बिन्ता और ककनार धान उपार्जन केंद्रों में कर्मचारियों की कमी और खरीदी व्यवस्था प्रभावित होने का मुद्दा उठने के बाद जिला सहकारी केंद्रीय बैंक प्रबंधन हरकत में आया है।

दोनों केंद्रों में धान खरीदी के लिए कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। बैंक प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब किसानों को धान बेचने में स्टाफ की कमी के चलते परेशानी नहीं होगी।

दरअसल बिन्ता और ककनार धान खरीदी केंद्रों में कर्मचारियों की कमी के कारण खरीदी व्यवस्था प्रभावित होने और हजारों क्विंटल धान की खरीदी अटकने का मुद्दा सामने आया था। क्षेत्र के निवासी ललित पांडे ने इस समस्या को उठाते हुए प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की थी।

बिन्ता धान खरीदी केंद्र

उन्होंने बेमौसम बारिश और चक्रवाती तूफानों से पहले ही परेशान किसानों को धान बेचने में आ रही दिक्कतों पर चिंता जताई थी। साथ ही पटवारियों की हड़ताल से गिरदावरी कार्य प्रभावित होने का मुद्दा उठाते हुए व्यवस्था नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी।

समाचार प्रकाशित होने के बाद जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर ने दोनों केंद्रों में कर्मचारियों की नियुक्ति कर दी है। बिन्ता केंद्र में राधु राम को धान खरीदी प्रभारी, लक्ष्मण मौर्य को बारदाना प्रभारी और तुलमन बघेल को डाटा एंट्री ऑपरेटर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं ककनार केंद्र में रामदास मौर्य को खरीदी प्रभारी, राजकुमार कश्यप को बारदाना प्रभारी और उमेश सेठिया को डाटा एंट्री ऑपरेटर नियुक्त किया गया है।

टोकन कटा, लेकिन सफाई नहीं होने से किसान ने बदली तारीख

बैंक प्रबंधन ने अपने जवाब में यह भी बताया है कि दोनों केंद्रों में अब तक किसान टोकन लेकर धान बेचने नहीं पहुंचे हैं। हालांकि बिन्ता केंद्र में ग्राम भेजा के किसान सोमारू यादव ने 5.04 मीट्रिक टन धान बेचने के लिए टोकन कटवाया था। 23 नवंबर को निर्धारित खरीदी की तारीख पर धान की सफाई नहीं होने के कारण वे उपज लेकर नहीं पहुंचे। किसान के अनुरोध पर अब खरीदी की तारीख बदलकर 26 नवंबर कर दी गई है।

37 केंद्रों की खरीदी लिमिट बढ़ाने की तैयारी

इधर, किसानों को खरीदी के दौरान अधिक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए बैंक प्रबंधन ने जिले के 37 धान उपार्जन केंद्रों की प्रतिदिन खरीदी लिमिट बढ़ाने का प्रस्ताव भी भेजा है। अन्य समितियों से प्रस्ताव मिलने पर उनके केंद्रों की खरीदी क्षमता बढ़ाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।

फिलहाल बिन्ता और ककनार में कर्मचारियों की तैनाती से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि कागजों पर पूरी हुई यह व्यवस्था खरीदी केंद्रों में जमीन पर कितनी प्रभावी साबित होती है।

क्या राजनीति में आएंगी तृषा कृष्णन? CM विजय के नाम से जुड़ी चर्चा के बीच समर्थकों ने लॉन्च किया नया फोरम

दिल्ली-NCR की हवा को लेकर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केवल BS-6 वाहनों की होगी एंट्री; पड़ोसी राज्यों से मांगी रिपोर्ट

Kal Ka Mausam: 24 नवंबर को किन राज्यों में होगी भारी बारिश और कहां सताएगी ठंड? इन राज्यों के लिए IMD का अलर्ट

हिंदू राजा के बेटे ने अपनाया था इस्लाम! लश्कर आतंकी फैसल नदीम ने अपने पूर्वजों को लेकर किया दावा

खुद को बाहुबली समझना बंद करें...बिहार के सेशन जज को सुप्रीम कोर्ट ने लगाई फटकार, कहा- नीयत सही पर तरीका गलत