

रायपुर में बच्चा बिक्री गैंग का बड़ा खुलासा।
लड़के का सौदा 8-12 लाख, लड़की का 4-6 लाख में।
बच्ची खरीदने वाला युवक गिरफ्तार।
अब तक गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार।
अस्पताल में 3 डिलीवरी, जारी हुए 26 जन्म प्रमाण पत्र।
Chhattisgarh Raipur Child Selling Gang : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को निशाना बनाकर उनके नवजात बच्चों का सौदा नि:संतान दंपतियों से करता था।
इस नेटवर्क में लड़के की कीमत 8 से 12 लाख रुपये और लड़की की कीमत 4 से 6 लाख रुपये तक तय की जाती थी। मामले में पुलिस ने बच्ची खरीदने वाले युवक जितेंद्र खेतान को कबीरनगर इलाके से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से बच्ची को बरामद कर लिया है।
इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें गिरोह की मुख्य संचालक बताई जा रही कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव, गीतिका उर्फ दीपिका नाग, डॉक्टर खीरसिंधु महानंद, नर्सिंग ऑफिसर प्रकाश कुमार कौरव, पैसों का लेन-देन संभालने वाला अश्वनी शर्मा और बच्ची खरीदने वाला जितेंद्र खेतान शामिल हैं।
रायपुर पुलिस ने इस पूरे मामले में दो चरणों में कार्रवाई की। शुरुआती जांच में कृतिका साहू 34 वर्ष, अहिल्या नामदेव 40 वर्ष और गीतिका उर्फ दीपिका नाग 36 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पूछताछ और जांच में डॉक्टर खीरसिंधु महानंद, नर्सिंग ऑफिसर प्रकाश कुमार कौरव और पैसों का लेन-देन संभालने वाले अश्वनी शर्मा की भूमिका सामने आई। इन तीनों को भी गिरफ्तार किया गया। अब बच्ची खरीदने वाले जितेंद्र खेतान की गिरफ्तारी हुई है। मुख्य आरोपी कृतिका साहू को कोर्ट ने 2 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस जांच के मुताबिक ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली एक आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिला को मुफ्त इलाज और प्रसव कराने का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया था। 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद आरोपियों ने मां और नवजात शिशु को अहिल्या नामदेव के घर में बंधक बना लिया। इसके बाद प्रसव में हुए खर्च की भरपाई के नाम पर महिला पर बच्चे को बेचने का दबाव बनाया गया।
हालांकि पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में कामयाब रही और आजाद चौक थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसी शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ।
इस मामले में जांच के दौरान अस्पताल से जुड़े दस्तावेजों को लेकर भी गंभीर गड़बड़ी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक संबंधित अस्पताल में वर्ष 2026 के दौरान वास्तविक रूप से केवल तीन डिलीवरी हुई थीं, जबकि अस्पताल की सील और फर्जी डिस्चार्ज टिकट का इस्तेमाल कर 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी कराए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि जन्म प्रमाण पत्रों में बच्चों को खरीदने वाले दंपतियों के नाम ही माता-पिता के रूप में दर्ज कराए जा रहे थे। इससे बच्चों की वास्तविक जन्म देने वाली माताओं की पहचान छिपाने और खरीद-फरोख्त को वैध दिखाने की कोशिश किए जाने की आशंका है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का दायरा बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बच्चों की खरीद-फरोख्त के संभावित मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।