

दिल्ली में केवल BS-VI वाहनों को अनुमति देने पर विचार।
व्यावसायिक वाहनों की दिल्ली में एंट्री रोकने का सुझाव।
बॉर्डर पर गोदाम बनाकर सामान उतारने की योजना।
सामान पहुंचाने के लिए प्रदूषण रहित वाहनों का इस्तेमाल।
Supreme Court BS6 Vehicles Delhi: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को राजधानी दिल्ली और NCR में वायु प्रदूषण को लेकर एक बड़ी टिप्पणी की। कोर्ट संकेत दिए हैं कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए केवल BS-VI मानकों वाले वाहनों को चलाने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है। अदालत का उद्देश्य राजधानी में लगातार बिगड़ती हवा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए प्रभावी कदम उठाना है।
भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहन की पीठ दिल्ली में वायु प्रदूषण से संबंधित मामले की सुनवाई कर रही थी। इसी दौरान अदालत ने कहा कि दिल्ली में, और संभव हो तो पूरे एनसीआर में, केवल BS-VI वाहनों के संचालन की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है। पीठ ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा, हम स्पष्ट हैं कि दिल्ली में केवल BS-VI वाहनों को अनुमति देंगे।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए दिल्ली में प्रवेश करने वाले व्यावसायिक वाहनों पर पूरी तरह रोक लगाने का सुझाव भी दिया। अदालत के मुताबिक, जरूरी सामानों की आपूर्ति बाधित किए बिना भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के विकल्प तलाशे जा सकते हैं।
पीठ ने सुझाव दिया कि दिल्ली की सीमा पर गोदाम बनाए जाएं, जहां दूसरे राज्यों से आने वाले व्यावसायिक वाहन अपना सामान उतार सकें। इसके बाद छोटे बैटरी चालित या प्रदूषण रहित वाहनों के जरिए जरूरी सामान शहर के भीतर पहुंचाया जा सकता है। हालांकि, अदालत ने इस व्यवस्था को लेकर फिलहाल कोई औपचारिक आदेश जारी नहीं किया। उसने इसे भविष्य में प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू किए जा सकने वाले दीर्घकालिक उपाय के रूप में सामने रखा।
CJI सूर्यकांत ने कहा कि दिल्ली में व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए ऐसी व्यवस्था तैयार की जा सकती है, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों पर असर न पड़े। उन्होंने कहा कि राजधानी के लोगों को सब्जियां, फल और दैनिक इस्तेमाल की दूसरी वस्तुओं की जरूरत होती है, इसलिए आपूर्ति का वैकल्पिक तरीका सुनिश्चित करना जरूरी होगा।
उन्होंने सीमा पर गोदाम बनाने और वहां से बैटरी चालित या प्रदूषण रहित वाहनों के जरिए सामान दिल्ली पहुंचाने का सुझाव दिया। पीठ ने कहा कि ऐसी व्यवस्था को तुरंत या अगले साल लागू करना संभव नहीं हो सकता, लेकिन पांच साल के भीतर इसे अमल में लाने की दिशा में प्रयास किए जा सकते हैं।
BS-VI भारत में वाहनों के उत्सर्जन को नियंत्रित करने के लिए निर्धारित मानक हैं। ये नियम हल्के और भारी वाहनों के साथ-साथ दोपहिया और तिपहिया वाहनों पर भी लागू होते हैं। इनका उद्देश्य वाहनों से निकलने वाले प्रदूषकों को कम करना और वायु गुणवत्ता में सुधार लाना है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि प्रदूषण से निपटने के लिए केवल तत्काल कदम ही नहीं, बल्कि लंबे समय तक प्रभावी रहने वाले उपायों पर भी विचार किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से भी वायु प्रदूषण की समस्या को कम करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने को कहा है। पीठ ने इन राज्यों को NCR में कण प्रदूषण कम करने के लिए अब तक उठाए गए कदमों का विवरण देते हुए स्थिति रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि दिल्ली की खराब वायु गुणवत्ता से निपटने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर समन्वित प्रयास और ठोस उपाय जरूरी हैं।