कहीं कर्मचारी नदारद, कहीं पोर्टल से खेत गायब, बस्तर में धान खरीदी बनी किसानों के लिए मुसीबत

Paddy Procurement In Bastar: धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही अव्यवस्थाओं की शिकायतें सामने आने लगी हैं। कहीं कर्मचारी नहीं हैं तो कहीं ऑनलाइन पोर्टल से किसानों का रकबा ही गायब हो गया है।
Chhattisgarh Disarray in paddy procurement
बस्तर में धान खरीदी अव्यवस्था(सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • बिन्ता-ककनार केंद्रों में स्टाफ की कमी से खरीदी प्रभावित।

  • किसानों को काटने पड़ रहे सरकारी व्यवस्था के चक्कर।

  • किसी का ऑनलाइन पोर्टल से रकबा ही गायब हो गया।

  • व्यवस्था सुधारने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी।

Chhattisgarh Disarray In Paddy Procurement Center: सालभर खेतों में पसीना बहाकर धान तैयार किया, लेकिन अब अपनी उपज बेचने के लिए किसानों को सरकारी व्यवस्था के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। बस्तर में धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही अव्यवस्थाओं की शिकायतें सामने आने लगी हैं। कहीं खरीदी केंद्रों में कर्मचारी नहीं हैं तो कहीं ऑनलाइन पोर्टल से किसानों का रकबा ही गायब हो गया है। नतीजा यह कि अन्नदाता धान बेचने के लिए परेशान हो रहे हैं।

कर्मचारियों की कमी से व्यवस्था नहीं

लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के बिन्ता और ककनार धान खरीदी केंद्रों में कर्मचारियों की कमी के कारण खरीदी प्रभावित होने की शिकायत सामने आई है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ललित पांडे ने आरोप लगाया कि खरीदी शुरू होने के बावजूद पर्याप्त कर्मचारियों की व्यवस्था नहीं होने से किसानों की उपज अटकी हुई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।

Chhattisgarh Disarray in paddy procurement
ट्रॉली बैग में छिपा था नशे का 14.62 लाख का जखीरा, सुकमा से दिल्ली-NCR तक फैले नेटवर्क का भंडाफोड़

ऑनलाइन रिकॉर्ड की गड़बड़ी बनी मुसीबत

दूसरी ओर तोकापाल क्षेत्र में ऑनलाइन रिकॉर्ड की गड़बड़ी किसानों के लिए मुसीबत बनी हुई है। बड़े मारेंगा सहित आसपास के गांवों में करीब 400 से 500 किसानों का रकबा पोर्टल पर शून्य दिखाई देने और टोकन निकालने पर खसरा नंबर गायब होने की शिकायत है। कुछ किसानों का कहना है कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार उनकी धान बेचने की पात्रता काफी कम हो गई है। जनपद सदस्य डिकेश नाग ने प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

Chhattisgarh Disarray in paddy procurement
छत्तीसगढ़ में अब बढ़ेगी ठिठुरन, अगले 24 घंटे में 4 डिग्री तक गिरेगा पारा

किसानों की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं। कहीं टोकन के लिए चक्कर लगाने पड़ रहे हैं तो कहीं खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाएं अधूरी हैं। पहले ही बेमौसम बारिश और मौसम की मार झेल चुके किसानों के सामने अब अपनी बची हुई उपज बेचने का संकट खड़ा हो गया है।

सवाल यह है कि जब खरीदी केंद्रों में कर्मचारी नहीं और सरकारी पोर्टल पर किसानों के खेतों का रकबा ही दर्ज नहीं दिख रहा, तो किसान अपनी मेहनत की कमाई आखिर बेचें कैसे? प्रशासन के सामने अब खरीदी व्यवस्था दुरुस्त करने और प्रभावित किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने की चुनौती है।