Kal Ka Mausam: 24 नवंबर को किन राज्यों में होगी भारी बारिश और कहां सताएगी ठंड? इन राज्यों के लिए IMD का अलर्ट

IMD Weather Alert: IMD ने 24 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश में तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि दिल्ली और यूपी में मौसम शुष्क रहेगा।
Weather Forecast 24 November
सांकेतिक तस्वीरSource- IANS
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 24 से 26 नवंबर तक व्यापक बारिश की संभावना है।

  • केरल और माहे में 24 से 27 नवंबर के दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

  • दिल्ली और यूपी में 24 नवंबर को बारिश की संभावना नहीं है। पूर्वी यूपी में सुबह कोहरा रह सकता है।

Weather Forecast 24 November: देश के कई हिस्सों में मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव दिखने के संकेत हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी हवाओं के असर से दक्षिणी राज्यों में वर्षा की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। रिपोर्ट के अनुसार, आठ राज्यों में तेज व तूफानी हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना है, जहां मेघगर्जन व बिजली चमकने के बीच हवाओं की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके उलट, उत्तरी भारत के कई क्षेत्रों में सुबह के वक्त घना कोहरा परेशान कर सकता है।

मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप और पुडुचेरी सहित कई राज्यों में 23 नवंबर को बारिश होने के मजबूत आसार बने रहे। कई स्थानों पर आंधी-तूफान और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई थी।

दिल्ली-NCR में 24 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में 24 नवंबर को आसमान आमतौर पर साफ रहने की उम्मीद है, हालांकि सुबह के समय कुछ हिस्सों में धुंध या हल्का कोहरा दिख सकता है। 25 नवंबर को भी राजधानी में आसमान साफ रहेगा, जबकि सुबह कुछ स्थानों पर हल्का और अलग-अलग इलाकों में मध्यम कोहरा पड़ने का अनुमान है; इस दौरान पारा 24 से 11 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रह सकता है। वहीं, 26 नवंबर को सुबह कई क्षेत्रों में धुंध या हल्का कोहरा और कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।

Weather Forecast 24 November
MP Weather Update : कड़ाके की ठंड के बीच बारिश का अलर्ट, राजधानी भोपाल में पारा 9 डिग्री, दो जिलों में शीतलहर

उत्तर प्रदेश-बिहार में कल कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में 24 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही हिस्सों में बारिश होने की संभावना नहीं है, लेकिन पूर्वी यूपी में सुबह के वक्त कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है। 25 से 29 नवंबर के बीच भी राज्य में बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं दी गई है।

वहीं, बिहार में 24 नवंबर को बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। 23 नवंबर को राज्य में घने कोहरे की चेतावनी दी गई थी, जबकि 24 नवंबर और आगे के दिनों के लिए इस बुलेटिन में घने कोहरे की कोई चेतावनी शामिल नहीं है। 25 से 29 नवंबर तक भी बिहार में बारिश होने के आसार नहीं हैं।

इन राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट

बारिश के साथ दक्षिण भारत के चुनिंदा क्षेत्रों में मौसम प्रतिकूल रह सकता है। रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 23 से 27 नवंबर के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं, जहां हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है।

इसके अलावा, केरल, माहे और लक्षद्वीप में 24 से 27 नवंबर के बीच 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी तेज हवाओं का असर दिख सकता है, जबकि दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 24 और 25 नवंबर को मेघगर्जन के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

Weather Forecast 24 November
Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में नवंबर के आखिर में बदलेगा मौसम, शीतलहर के बीच बढ़ेगा पारा

तमिलनाडु-केरल में भारी बारिश का अलर्ट

IMD ने 24 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई हिस्सों में बारिश की चेतावनी दी है, जहां 24 से 26 नवंबर के दौरान व्यापक वर्षा होने के आसार हैं। वहीं, केरल और माहे में 24 से 27 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 23 से 27 नवंबर तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान लगाया गया है।