Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार, 29 अक्टूबर 2025 को, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ NDA के समर्थन में सीवान के रघुनाथपुर पहुंचे, जो कभी शहाबुद्दीन का गढ़ माना जाता था। यहां उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए आरजेडी प्रत्याशी ओसामा पर बिना नाम लिए जोरदार हमला बोला। योगी ने प्रत्याशी की 'खानदानी आपराधिक पृष्ठभूमि' का जिक्र किया, जो देश-दुनिया में कुख्यात रही है। सीएम योगी ने अपने भाषण में कहा ये लोग माफियाओं का विकास चाहते है।
योगी आदित्यनाथ ने तंज कसते हुए कहा, "नाम भी देखो न… जैसा नाम वैसा काम, बहनों और भाइयों" उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए यूपी के 'जीरो टॉलरेंस' मॉडल का जिक्र किया। सीएम योगी ने कहा कि यूपी में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस है। उन्होंने आरजेडी और उनके सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये वही लोग हैं जो राम मंदिर का विरोध कर रहे हैं।
सभा को संबोधित करते हुए यूपी के मुख्यमंत्री ने पुराने दिनों की याद दिलाते हुए कहा कि आरजेडी ने राम मंदिर के रथ को रोकने का 'पाप' किया था। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि यूपी में सपा सरकार ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। योगी ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, "जब भी इन्हें अवसर मिला… एक ने बिहार और एक ने यूपी के अंदर नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया।" उन्होंने कहा कि लेकिन अब डबल इंजन की सरकार है और हर बिहारी आज अपने गौरव के साथ सीना तानकर देश और दुनिया में अपनी पहचान को प्रस्तुत करता है।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति मुर्मू ने अंबाला से राफेल में भरी उड़ान, एयरफोर्स स्टेशन पर जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब बिहार में 'सब बा'। उन्होंने विकास कार्यों का ब्योरा देते हुए बताया कि 6 हजार 100 करोड़ रुपये की लागत से अयोध्या धाम को सीधे सीतामढ़ी से जोड़ने वाले राम जानकी मार्ग का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है। आज बिहार में एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज हैं। गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ गरीबों को मिल रहा है। उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि अराजकता पैदा करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत डबल इंजन की सरकार काम कर रही है, और "जो बाकी बच जाता है यूपी का बुलडोजर उसको पूरा कर लेता है।"