Bihar CM Samrat Choudhary: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से जुड़ा एक वीडियो काफी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, इस वीडियो में कुछ लोगों को सीएम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सुना जा सकता है। हालांकि, यह वीडियो किस जगह की है फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। एक्स पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि मुख्यमंत्री अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ किसी कार्यक्रम से पैदल चलते हुए बाहर निकल रहे हैं। वहां मौजूद लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल वीडियो में देखा और सुना जा सकता है कि लोग 'सम्राट चौधरी हाय-हाय... अनपढ़ मुख्यमंत्री हाय-हाय' का नारा लगाने लगे। हालांकि, लोगों की विरोध और नारेबाजी को देखते हुए वहीं पर मौजूद सुरक्षाकर्मी पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए सुरक्षाकर्मी लोगों को सीएम के काफी से दूर हटाते नजर आए।
यह पहली घटना नहीं है जब बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को विरोध और नारेबाजी का सामना करना पड़ा है। इससे पहले भी अलग-अलग जगहों पर अपनी मांगों को लेकर लोग कई बार उनके खिलाफ नारेबाजी कर चुके हैं। गौरतलब है कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बिहार में सत्ता का परिवर्तन हुआ। इसके बाद एनडीए में शामिल सभी सहयोगी दलों की सहमति से सम्राट चौधरी को बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर नियुक्त किया गया। मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद सम्राट चौधरी लगातार बिहार के विकास की बात कर रहे हैं। उद्योग और निवेश लाने पर फोकस कर रह रहे हैं।
जुलाई महीने में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिली थी। कैबिनेट के फैसलों में शिक्षा, पर्यटन, शहरी विकास, पंचायती राज, नागरिक उड्डयन, सूचना प्रौद्योगिकी, परिवहन, समाज कल्याण और गृह विभाग से संबंधित कई अहम निर्णय शामिल थे। सरकार का कहना था कि इन फैसलों से बेसिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास, प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और जनसेवाओं के विस्तार को गति मिलेगी।
यह भी पढ़ें: IRCTC घोटाले में लालू परिवार को राहत या नई मुश्किल? अगस्त तक टला फैसला, अब इस दिन कोर्ट सुनाएगी बड़ा फैसला
कैबिनेट ने राज्य सरकार के ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के तहत पूर्व में चयनित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के अतिरिक्त अन्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों को भी आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने और संचालित करने की स्वीकृति दी। इसके अलावा पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से धार्मिक और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर रोपवे आधारित परिवहन व्यवस्था के विकास, संचालन और प्रबंधन के लिए ‘बिहार स्टेट रोपवेज कंपनी लिमिटेड’ के गठन को स्वीकृति दी गई।