एक के बाद एक 800 से ज्यादा झटके… वेनेजुएला में अब तक 2,600 से ज्यादा मौत; आफ्टरशॉक से लोगों में बढ़ा डर
Venezuela Earthquake: वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप से अब तक 2,645 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों घायल हैं। सरकार ने 7 दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है, जबकि राहत कार्य अभी भी जारी है।
- Written By: अमन उपाध्याय
वेनेजुएला में भूकंप से मची तबाही, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Venezuela Earthquake Death Toll: वेनेजुएला इस समय अपने इतिहास की सबसे भीषण प्राकृतिक आपदाओं में से एक का सामना कर रहा है। 24 जून को आए विनाशकारी दोहरे भूकंप ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष और अस्थायी कैंप कमांड सेंटर के प्रमुख जॉर्ज रोड्रिगेज द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस त्रासदी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,645 हो गई है। इसके अलावा, 12,666 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों और राहत केंद्रों में इलाज चल रहा है।
मलबे में तब्दील हुआ शहर
भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पलक झपकते ही हंसते-खेलते शहर मलबे के ढेर में तब्दील हो गए। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस आपदा में 885 इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि 189 इमारतें पूरी तरह से गिर गईं।
तबाही का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लगभग 86,117 परिवार इस भूकंप से सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं।
बेघर हुए लोगों को सिर छिपाने के लिए प्रशासन ने अब तक 59 अस्थायी कैंप बनाए हैं, जिनमें प्रभावितों को भोजन और चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।
सम्बंधित ख़बरें
Iran Europe Heatwave: ईरान ने यूरोप को दिया एयर कंडीशनर का ऑफर, कहा प्रतिबंध हटाओ और गर्मी से बचो
Trump Comment: खामेनेई के अंतिम संस्कार पर डोनाल्ड ट्रंप का तंज, बोले- हमने ईरान को एक हफ्ते रोने की छूट दी
अमेरिका में भीषण हीटवेव का कहर, 250वें स्वतंत्रता दिवस की परेड रद्द; ट्रेनों के पहिए भी थमे
पाकिस्तान में छिपे 23 दुश्मनों पर मोदी सरकार का वार, UAPA के तहत आतंकियों की नई लिस्ट जारी
आफ्टरशॉक्स का सिलसिला जारी
भूकंप के मुख्य झटकों के बाद भी वेनेजुएला की धरती शांत नहीं हुई है। रोड्रिगेज ने बताया कि अब तक 890 आफ्टरशॉक रिकॉर्ड किए गए हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। इस आपातकाल से निपटने के लिए सरकार ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
जमीन पर 3,305 अंतरराष्ट्रीय बचावकर्मी और 29,567 स्थानीय इमरजेंसी रेस्पॉन्डर तैनात हैं। बचाव दलों ने अपनी जान जोखिम में डालकर अब तक 6,462 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला है।
7 दिनों का राष्ट्रीय शोक
देश में छाये मातम के बीच कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने 24 जून को आए इस शक्तिशाली भूकंप के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए सात दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश लिखते हुए कहा कि मानवीय जीवन के इस भारी नुकसान से वेनेजुएला बुरी तरह टूट गया है।
प्रशासन अब ला गुएरा, काराकास, मिरांडा, काराबोबो और याराकुय जैसे क्षेत्रों में सक्रिय 25 मुख्य कैंपों के जरिए लोगों तक मदद पहुंचाने में जुटा है। स्वास्थ्य कर्मियों और फायरफाइटर्स को ‘पैट्रिया प्लेटफॉर्म’ पर रजिस्टर करने को कहा गया है ताकि पुनर्वास कार्य को गति मिल सके।
विदेशी नागरिकों पर भी टूटा दुखों का पहाड़
यह त्रासदी केवल वेनेजुएला तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें विदेशी नागरिक भी बड़ी संख्या में हताहत हुए हैं। पुर्तगाल सरकार ने जानकारी दी है कि मरने वालों में उनके 71 नागरिक शामिल हैं, जिनमें 11 मासूम बच्चे भी थे। इसके अलावा 71 अन्य लोग अभी भी लापता हैं।
यह भी पढ़ें:- Iran Europe Heatwave: ईरान ने यूरोप को दिया एयर कंडीशनर का ऑफर, कहा प्रतिबंध हटाओ और गर्मी से बचो
पुर्तगाल ने भी अपने नागरिकों की याद में 5 जुलाई को राष्ट्रीय शोक दिवस मनाने का निर्णय लिया है। वर्तमान में वेनेजुएला की प्राथमिकता लापता लोगों की तलाश करना और बेघर हुए हजारों परिवारों का पुनर्वास करना है।
