अमेरिका में भीषण हीटवेव का कहर, 250वें स्वतंत्रता दिवस की परेड रद्द; ट्रेनों के पहिए भी थमे
USA Independence Day Heatwave: अमेरिका में 250वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न पर भीषण गर्मी और खतरनाक हीटवेव ने पानी फेर दिया है। 45 डिग्री तक पहुंच रहे तापमान के कारण कई परेड रद्द कर दी गई हैं।
- Written By: अमन उपाध्याय
अमेरिका में हीटवेव का कहर, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
USA Independence Day Cancel:संयुक्त राज्य अमेरिका आज अपना 250वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, लेकिन इस ऐतिहासिक मौके पर खुशियों से ज्यादा ‘हीटवेव’की चर्चा हो रही है। देश के ईस्ट कोस्ट सहित कई राज्य वर्तमान में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी की चपेट में हैं, जिसने सार्वजनिक कार्यक्रमों और सुरक्षा व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। खतरनाक हीट इंडेक्स के कारण प्रशासन को कई पारंपरिक परेड और समारोहों को या तो रद्द करना पड़ा है या उनके समय में भारी बदलाव करने पड़े हैं।
45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा पारा
अमेरिकी मौसम विभाग (NWS) के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी वॉशिंगटन डीसी और आसपास के इलाकों में हीट इंडेक्स 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसी भीषण तपिश को देखते हुए नेशनल मॉल में आयोजित होने वाले ‘ग्रेट अमेरिकन स्टेट फेयर’ को शुक्रवार दोपहर कुछ घंटों के लिए बंद कर दिया गया। आयोजकों का कहना है कि कलाकारों, कर्मचारियों और दर्शकों की सुरक्षा के साथ समझौता नहीं किया जा सकता।
कई शहरों में परेड और समारोह रद्द
गर्मी का सबसे ज्यादा असर वर्जीनिया और मैरीलैंड जैसे राज्यों में देखा जा रहा है। वर्जीनिया के लीसबर्ग और मैरीलैंड के लॉरेल तथा टकोमा पार्क में होने वाली बहुप्रतीक्षित स्वतंत्रता दिवस परेड को रद्द कर दिया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
Trump Comment: खामेनेई के अंतिम संस्कार पर डोनाल्ड ट्रंप का तंज, बोले- हमने ईरान को एक हफ्ते रोने की छूट दी
पाकिस्तान में छिपे 23 दुश्मनों पर मोदी सरकार का वार, UAPA के तहत आतंकियों की नई लिस्ट जारी
Empire State: एम्पायर स्टेट पर प्रपोज करने वाले रूसी कपल एंजेला और इवान को पुलिस ने किया है गिरफ्तार
जाने वाली है पुतिन की कुर्सी! 2026 तक क्या बदल जाएगा रूस का बॉस? इस बड़े दांव से मचा हड़कंप
हालांकि, वॉशिंगटन में होने वाला प्रसिद्ध ‘कैपिटल फोर्थ कॉन्सर्ट’ अपने तय समय पर होगा, लेकिन दर्शकों के लिए गेट खुलने का समय बदलकर शाम 7 बजे कर दिया गया है ताकि उन्हें दोपहर की चिलचिलाती धूप से बचाया जा सके। इस कार्यक्रम में पैटी ला बेले और एलन जैक्सन जैसे दिग्गज कलाकार प्रस्तुति देने वाले हैं।
रेलवे ट्रैक पर गर्मी का असर
भीषण गर्मी का असर केवल जनजीवन पर ही नहीं, बल्कि यातायात के बुनियादी ढांचे पर भी पड़ा है। अमेरिका की प्रमुख रेल सेवा ‘एमट्रैक’ ने उत्तर-पूर्वी अमेरिका की कई ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक तापमान के कारण रेलवे ट्रैक के फैलने का खतरा रहता है, जिससे गंभीर हादसे हो सकते हैं। इसके अलावा बोस्टन और गेटिसबर्ग नेशनल मिलिट्री पार्क में होने वाले कार्यक्रमों के समय में भी फेरबदल किया गया है।
एसी चलाने पर छिड़ी सियासी जंग
न्यूयॉर्क सिटी में भी स्थिति गंभीर है, जहां मेयर जोहरान ममदानी ने लोगों से बिजली बचाने और एसी का तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस पर रखने की अपील की है। मेयर की इस सलाह पर अमेरिका में राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है। रिपब्लिकन नेता रिक स्कॉट और लिंडसे ग्राहम ने इसे ‘कम्युनिज्म’ और व्यक्तिगत आजादी में हस्तक्षेप करार देते हुए डेमोक्रेट्स की आलोचना की है।
यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान में छिपे 23 दुश्मनों पर मोदी सरकार का वार, UAPA के तहत आतंकियों की नई लिस्ट जारी
इन सबके बीच, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप साउथ डकोटा के माउंट रशमोर और वॉशिंगटन के नेशनल मॉल में अपना संबोधन देंगे, जहां देर रात बड़े स्तर पर आतिशबाजी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रशासन ने नागरिकों को पर्याप्त पानी पीने और सीधे धूप के संपर्क में आने से बचने की सख्त चेतावनी जारी की है।
