पसंद नहीं आया महिला नेता के बात करने का तरीका...तो गुस्सें में बढ़ा दिया टैरिफ, ट्रंप का बेशर्मी भरा खुलासा

Trump Tariff News: ट्रंप ने कहा कि स्विट्जरलैंड की महिला नेता का बातचीत करने का तरीका उन्हें पसंद नहीं आया, इसलिए उन्होंने 30 प्रतिशत टैरिफ बढ़ाकर 39 प्रतिशत कर दिया।
Trump Hikes Tariffs Switzerland
स्विट्जरलैंड पर टैरिफ बढ़ाने को लेकर डोनाल्ड ट्रंप का खुलासा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Trump Hikes Tariffs Switzerland: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्विट्जरलैंड पर टैरिफ बढ़ाने के अपने फैसले को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि यह निर्णय केवल व्यापारिक आंकड़ों के आधार पर ही नहीं, बल्कि एक बातचीत के अनुभव से भी प्रभावित था। ट्रंप ने कहा, स्विट्जरलैंड की एक महिला नेता से हुई फोन बातचीत के बाद उन्होंने टैरिफ में किसी भी तरह की राहत देने के बजाय उसे और बढ़ाने का फैसला किया।

हाल ही में मीडिया को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने स्विस फेडरल काउंसिल की सदस्य कैरिन कैलर-सटर के साथ हुई बातचीत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और स्विट्जरलैंड के बीच व्यापार संतुलन अमेरिका के पक्ष में नहीं है। ट्रंप के मुताबिक, स्विट्जरलैंड भले ही एक छोटा देश हो, लेकिन अमेरिका के साथ उसका लगभग 42 अरब डॉलर का ट्रेड डेफिसिट है। उनका कहना था कि किसी देश का आकार मायने नहीं रखता, बल्कि व्यापारिक आंकड़े महत्वपूर्ण होते हैं।

पसंद नहीं आया बात करने का तरीका

डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि उन्होंने शुरुआत में स्विट्जरलैंड पर 30 प्रतिशत टैरिफ लगाया था, जिसे वह पहले ही काफी कम मानते थे। इसके बाद उन्हें एक फोन कॉल आया, जिसे उन्होंने स्विट्जरलैंड की प्रधानमंत्री का कॉल समझा। हालांकि बाद में यह स्पष्ट हुआ कि स्विट्जरलैंड में प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति का पद नहीं होता, बल्कि वहां सात सदस्यीय फेडरल काउंसिल सरकार चलाती है। ट्रंप के अनुसार, बातचीत के दौरान स्विस नेता बार-बार यह कह रही थीं कि उनका देश छोटा है और इतनी ऊंची दर का टैरिफ वहन करना उनके लिए मुश्किल होगा। ट्रंप ने दावा किया कि बातचीत का लहजा उन्हें आक्रामक लगा और उन्हें यह तरीका पसंद नहीं आया। उन्होंने कहा कि जब उन्हें लगा कि उनसे जिस अंदाज में बात की जा रही है वह ठीक नहीं है, तो उन्होंने 30 प्रतिशत की जगह टैरिफ बढ़ाकर 39 प्रतिशत कर दिया। ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि स्विट्जरलैंड अमेरिका को बड़े पैमाने पर सामान निर्यात करता है, लेकिन उस पर पर्याप्त टैरिफ नहीं देता।

दावोस में भी किया था जिक्र

इससे पहले दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान भी ट्रंप ने इसी तरह की बातचीत का जिक्र किया था। उस समय भी उन्होंने कहा था कि किसी देश के छोटे होने का मतलब यह नहीं कि व्यापार घाटे को नजरअंदाज किया जाए।

इसी बीच, अमेरिका ने भारत के साथ एक नया व्यापार समझौता भी किया है। इस समझौते के तहत टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इसकी घोषणा करते हुए इसे अमेरिका के लिए फायदेमंद कदम बताया।

Navbharat Live
navbharatlive.com