इन देशों में होगा सबसे लंबा रोजा, फोटो ( सो. सोशल मीडिया )
नवभारत इंटरनेशनल डेस्क: इस्लाम धर्म के सबसे पवित्र महीने रमजान की शुरुआत जल्द ही होने वाली है। दुनियाभर के मुसलमान इस पूरे महीने में रोजे रखते हैं, जिसमें वे सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक कुछ भी खाने-पीने से परहेज करते हैं। चूंकि पृथ्वी सूर्य के चारों ओर घूमती है, इसलिए विभिन्न देशों में सूरज के निकलने और डूबने का समय अलग-अलग होता है, जिससे रोजे की अवधि भी स्थान के अनुसार बदल सकती है।
इस साल दुनिया भर में रमज़ान के दौरान रोजे की अवधि स्थान के आधार पर अलग-अलग होगी। कुछ देशों में मुसलमान केवल 12 घंटे तक रोजा रखेंगे, जबकि कुछ जगहों पर लोगों को 18 घंटे तक बिना पानी और भोजन के रहना पड़ेगा। आमतौर पर रोजे की अवधि 14 से 15 घंटे के बीच होती है। आइए जानें कि इस साल कहां सबसे लंबा और सबसे छोटा रोजा रखा जाएगा।
ग्रीनलैंड में इस साल सबसे लंबा रोजा 18 घंटे 12 मिनट का होगा। इसके अलावा, आइसलैंड, स्कॉटलैंड और ब्रिटेन में रोजे की अवधि 16 से 18 घंटे तक होगी। वहीं, भारत और मध्य पूर्व सहित एशियाई देशों में रोजा लगभग 14 से 15 घंटे का रहेगा।
इस रमज़ान, ब्राजील उन देशों में शामिल होगा जहां सबसे कम समय का रोज़ा रखा जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, यहां रोज़े की अवधि 12 से 13 घंटे के बीच होगी। इसी तरह, ज़िम्बाब्वे, अर्जेंटीना, न्यूज़ीलैंड और चिली में भी रोज़े की अवधि अपेक्षाकृत कम रहेगी।
विदेश की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
रमजान 2025 की शुरुआत शुक्रवार, 28 फरवरी या शनिवार, 1 मार्च से हो सकती है, जबकि इसका समापन भारत समेत ज्यादातर इस्लामी देशों में रविवार, 30 मार्च या सोमवार, 31 मार्च को संभावित है। हालांकि, चांद के दिखने पर तारीखों में थोड़ा बदलाव संभव है।
रमजान के पूरे 30 रोजे पूरे होने के बाद, दुनियाभर के मुस्लिम समुदाय ईद उल-फितर का जश्न मनाएंगे। इस्लाम धर्म में इस त्योहार को रमजान की इबादत का इनाम माना जाता है। पूरा महीना रोजे और नमाज की पाबंदी करने के बाद, मुसलमान खुशी और उत्साह के साथ ईद मनाते हैं।