160 हमले... स्वेदा में थमी जंग की आग, इजरायल के कहर से पीछे हटी सीरियाई सेना

Israel attack on syria: इजरायल ने ड्रूज अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का हवाला देते हुए सीरिया पर लगातार हवाई हमले किए। इन हमलों का दायरा केवल सीमा क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दमिश्क में स्थित सैन्य...
160 हमले... स्वेदा में थमी जंग की आग, इजरायल के कहर से पीछे हटी सीरियाई सेना
स्वेदा में थमी जंग की आग, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

दक्षिणी सीरिया के स्वेदा शहर में पांच दिनों तक चली हिंसा के बाद अब हालात सामान्य होने की ओर बढ़ रहे हैं। गोलियों और धमाकों की गूंज के बीच बुधवार रात एक राहतभरी खबर आई सीरियाई सेना ने वहां से पीछे हटना शुरू कर दिया है। ड्रूज बहुल स्वेदा में हाल के दिनों में हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि सरकार और स्थानीय समुदाय आमने-सामने आ गए थे।

लेकिन बुधवार को सरकार और ड्रूज प्रतिनिधियों के बीच युद्धविराम को लेकर सहमति बन गई। इसके तुरंत बाद सेना की वापसी की घोषणा हुई और रात करीब 9 बजे सैनिकों ने इलाका छोड़ना शुरू कर दिया। सरकारी सूत्रों के अनुसार, अब आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय ड्रूज सुरक्षा बलों को सौंपी जाएगी। वहीं, राज्य की पुलिस टीमें इलाके में मौजूद रहेंगी, लेकिन वे स्थानीय बलों के साथ समन्वय में काम करेंगी।

ड्रूज नागरिकों को बनाया निशाना

यह हिंसा उस समय भड़क उठी जब कुछ बेडौइन सशस्त्र लोगों ने स्वेदा के युवाओं से लूटपाट की। इसके प्रतिकार में ड्रूज समुदाय ने कुछ बेडौइन जनजातीय सदस्यों को बंधक बना लिया। इससे इलाके में तनाव गहरा गया और हालात पर काबू पाने के लिए सरकारी सेना ने शहर में प्रवेश किया। हालांकि, रिपोर्टों में आरोप है कि सेना ने कार्रवाई के दौरान निष्पक्षता नहीं बरती और ड्रूज नागरिकों को निशाना बनाया। ड्रूज धर्मगुरुओं और नेताओं ने इस घटनाक्रम को केवल संघर्ष नहीं, बल्कि "नरसंहार की योजना" बताया और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की मांग की।

सीरिया में 160 से अधिक हवाई हमले

ड्रूज अल्पसंख्यकों की हिफाज़त का तर्क देते हुए इजरायल ने सीरिया के खिलाफ बड़े पैमाने पर हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। इन हमलों में सीमावर्ती इलाकों के साथ-साथ दमिश्क स्थित सेना के मुख्यालय और एक टेलीविजन चैनल का स्टूडियो भी निशाना बना। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अब तक 160 से ज्यादा हवाई हमले किए जा चुके हैं, जिनमें से कुछ की लाइव फुटेज सीरियाई टीवी पर भी दिखाई गई।

ड्रूजों की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने इजरायली हमलों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “इजरायल सीरियाई सरज़मीं को अस्थिर करना चाहता है, लेकिन हम अपनी मिट्टी के सच्चे सपूत हैं। ड्रूज समाज पर हमले करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।” राष्ट्रपति ने यह भी घोषणा की कि ड्रूजों पर हमले में शामिल सैन्य और मिलिशिया समूहों की जांच के लिए एक स्वतंत्र आयोग का गठन किया जाएगा, ताकि दोषियों को न्याय के कठघरे में लाया जा सके।

Navbharat Live
navbharatlive.com