US के साउथ कैरोलिना यूनिवर्सिटी में अंधाधुंध फायरिंग, 2 की मौत; कैंपस में 8 घंटे तक लगा रहा लॉकडाउन
South Carolina University Shooting: साउथ कैरोलिना स्टेट यूनिवर्सिटी के छात्र आवासीय परिसर में हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल है। घटना के बाद कैंपस में आठ घंटे का कड़ा लॉकडाउन रहा।
- Written By: अमन उपाध्याय
साउथ कैरोलिना यूनिवर्सिटी, फोटो (सो.सोशल मीडिया)
America South Carolina Campus Shooting: अमेरिका के साउथ कैरोलिना स्टेट यूनिवर्सिटी से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। विश्वविद्यालय के एक छात्र आवासीय परिसर में हुई भीषण गोलीबारी में कम से कम दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। इस हिंसक घटना के बाद पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया और प्रशासन को सुरक्षा के मद्देनजर करीब आठ घंटों तक पूरे विश्वविद्यालय को लॉकडाउन में रखना पड़ा।
कैंपस में दहशत का मंजर और लॉकडाउन
यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना ऑरेंजबर्ग स्थित कैंपस के एक स्टूडेंट रेजिडेंशियल फैसिलिटी में हुई। गुरुवार रात करीब 9:15 बजे जैसे ही फायरिंग की खबरें मिलीं, सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे कैंपस को सील कर दिया। छात्रों और कर्मचारियों को उनके कमरों के भीतर ही रहने के निर्देश दिए गए। यह कड़ा प्रतिबंध शुक्रवार सुबह करीब 5:00 बजे तक जारी रहा, जब प्रशासन ने स्थिति की समीक्षा करने के बाद लॉकडाउन हटाया।
कैसे हुई यह घटना?
घटना के वक्त कैंपस में मौजूद काया मैक जो उस समय कैंपस में फूड डिलीवरी का काम पूरा कर रही थीं उन्होंने बताया कि गोलियों की आवाज और अचानक गूंजते सायरन ने सबको झकझोर कर रख दिया था। मैं और कैंपस के अन्य लोग हैरान होकर इधर-उधर देख रहे थे कि आखिर क्या हो रहा है।
सम्बंधित ख़बरें
इंडोनेशिया में फिर फटा ज्वालामुखी, आसमान में 5,000 मीटर ऊपर तक उड़ा राख का गुबार; हाई अलर्ट जारी
स्वीडन ने PM मोदी को सर्वोच्च सम्मान से नवाजा, प्रधानमंत्री के खाते में दर्ज हुआ 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान
ईरान पर एयर स्ट्राइक की तैयारी में ट्रंप? US मीडिया के दावे से हलचल तेज, अराघची बोले- सब्र का इम्तिहान न लें
सिंधु जल संधि पर भारत का पाकिस्तान को कड़ा जवाब, हेग कोर्ट का फैसला खारिज; कहा- ‘अवैध’ है यह पूरी प्रक्रिया
जांच और सुरक्षात्मक कदम
फिलहाल, मारे गए लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है और घायल व्यक्ति की स्थिति के बारे में भी अभी अधिक जानकारी नहीं दी गई है। साउथ कैरोलिना स्टेट यूनिवर्सिटी ने इस मामले की गहन जांच के लिए ‘साउथ कैरोलिना लॉ एनफोर्समेंट डिवीजन’ से अनुरोध किया है, जो अब इस मामले की अगुवाई कर रहा है। सुरक्षाकर्मी और जांच अधिकारी लगातार कैंपस और आसपास के इलाकों में गश्त कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक किसी संदिग्ध या हमले के पीछे के मकसद के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें:- स्विट्जरलैंड से ब्रिटेन तक, आतंक की जांच; बलूच सरकार ने जारी की ‘मोस्ट वांटेड’ की लिस्ट, कई बड़े नाम शामिल
छात्रों के लिए उठाया गया कदम
इस हादसे को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने शुक्रवार को होने वाली सभी कक्षाएं रद्द कर दी हैं। यूनिवर्सिटी ने एक बयान में कहा कि छात्रों को इस सदमे से उबारने के लिए काउंसलिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पूरा कैंपस समुदाय वर्तमान में अपने दो साथियों को खोने के गम में डूबा हुआ है और अधिकारी मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रहे हैं।
