रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (सोर्स- सोशल मीडिया)
Putin New Year Address: नए साल की पूर्व संध्या पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ा बयान दिया है। 2026 के आगाज पर देश को संबोधित करते हुए पुतिन ने यूक्रेन में रूस की ‘अंतिम जीत’ पर भरोसा जताया और नागरिकों से सैनिकों के समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के साथ जारी जंग रूस की जीत के साथ खत्म होगा।
रूसी राष्ट्रपति का यह टेलीविजन संदेश सबसे पहले रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र कामचटका प्रायद्वीप में प्रसारित हुआ, जहां नए साल का जश्न सबसे पहले मनाया जाता है, और इसके बाद इसे देश के अन्य हिस्सों में दिखाया गया। उन्होंने इस दौरान देश की जनता को यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में भागीदारी के लिए धन्यवाद कहा। साथ ही जंग लड़ रहे सैनिकों को नायक बताया।
नए साल की शुभकामनाओं के साथ राष्ट्रपति पुतिन ने सीधे युद्ध में तैनात सैनिकों और कमांडरों को संबोधित किया। एएफपी के अनुसार, उन्होंने कहा, “हमें आप पर और हमारी जीत पर पूरा भरोसा है।” उन्होंने यह भी कहा कि रूस के करोड़ों लोग मोर्चे पर लड़ रहे सैनिकों के बारे में सोचते हैं। पुतिन ने यूक्रेन युद्ध को राष्ट्रीय संघर्ष के रूप में पेश किया और कहा कि पूरा देश सैनिकों के साथ खड़ा है।
In Full: Putin’s New Year Address As Russia Rings In 2026 pic.twitter.com/f7sVTL1k8I — RT_India (@RT_India_news) January 1, 2026
उन्होंने इसे रूस की संप्रभुता और भविष्य से जुड़ा युद्ध बताया। इस संघर्ष में दोनों पक्षों को भारी सैन्य नुकसान हुआ है, और मृतकों की संख्या दसियों हजार से लेकर लाखों तक होने का अनुमान है। क्रेमलिन के सामने काले सूट और गहरे नीले रंग की टाई में खड़े पुतिन ने एकता और देशभक्ति पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “हमारी एकता की ताकत ही मातृभूमि की संप्रभुता, सुरक्षा, विकास और भविष्य तय करती है।”
यह भी पढ़ें: निवेश के जादूगर Warren Buffett का रिटायरमेंट: 60 साल बाद ग्रेग एबल संभालेंगे बर्कशायर का साम्राज्य
हाल ही में यूक्रेन ने नोवगोरोड क्षेत्र में पुतिन की आवासीय संपत्ति, वाल्डाई रेजिडेंस, को निशाना बनाने की कोशिश की। रूस के अनुसार इस हमले में 91 ड्रोन इस्तेमाल किए गए, जिन्हें रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने नाकाम कर दिया। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने इसे ‘आतंकवादी हमला’ करार दिया और उन विदेशी मित्रों और सहयोगियों का धन्यवाद किया जिन्होंने हमले की निंदा की और रूसी नेतृत्व का समर्थन किया। इसके बावजूद पुतिन की सुरक्षा को लेकर देश में चिंता बढ़ गई है।