PoK के शुबाजाबाद में सुरक्षा बलों की फायरिंग में 2 युवकों की मौत, प्रदर्शनकारियों का भड़का गुस्सा
PoK Violence: पीओके के शुबाज़ाबाद में सुरक्षा बलों की फायरिंग में दो युवकों की मौत के बाद तनाव फैल गया है। प्रदर्शनकारियों ने मुजफ्फराबाद सरकार पर शव न सौंपने और चुनावी व्यस्तता का आरोप लगाया है।
- Written By: अमन उपाध्याय
PoK में भड़का लोगों का गुस्सा, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
PoK Violence Shubazabad Firing: PoK के शुबाजाबाद क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा की गई फायरिंग ने दो स्थानीय युवकों की जान ले ली है। इस दुखद घटना ने क्षेत्र में पहले से ही सुलग रही अशांति की आग को और भड़का दिया है, जिससे मुजफ्फराबाद से लेकर सीमावर्ती इलाकों तक भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है।
जनता मे भड़का आक्रोश
रिपोर्ट के अनुसार, शुबाज़ाबाद क्षेत्र में सुरक्षा बलों और स्थानीय नागरिकों के बीच पैदा हुए तनाव के दौरान फायरिंग हुई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने एक आधिकारिक बयान जारी कर आरोप लगाया है कि इन मौतों के लिए सीधे तौर पर पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियां और मुजफ्फराबाद में बैठी सरकार जिम्मेदार है।
प्रदर्शनकारियों का गंभीर आरोप
प्रदर्शनकारियों का गुस्सा केवल इस ताजा घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे लंबे समय से जमा असंतोष है। प्रदर्शनकारियों ने गंभीर आरोप लगाया है कि लगभग एक महीने पहले हुई हिंसा के दौरान मारे गए लोगों के शवों के अवशेष आज भी उनके परिजनों को नहीं सौंपे गए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
10 जुलाई का इतिहास: जब पाकिस्तान ने आखिरकार बांग्लादेश को स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में दी मान्यता
ईरान के बुशेहर में धमाके, ट्रंप-नेतन्याहू की सीक्रेट फोन कॉल! क्या मिडिल ईस्ट में फिर भड़कने वाली है जंग?
US Iran War: ट्रंप का अगला टारगेट मोजतबा खामेनेई, अमेरिका ने 170 ठिकानों पर की भीषण बमबारी
चीन के शिनजियांग में जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग… जिंदा जले 28 लोग, सामने आया हादसे का खौफनाक VIDEO
परिजनों का कहना है कि सरकार बुनियादी मानवीय संवेदनाओं को भी ताक पर रख रही है। बयान में तीखे लहजे में कहा गया है कि जब क्षेत्र में लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, तब मुजफ्फराबाद की सरकार इन घटनाओं को पूरी तरह नजरअंदाज कर केवल राजनीतिक गतिविधियों और आगामी चुनावी तैयारियों में व्यस्त है।
शहीदों के खून का हिसाब होगा
आंदोलन की अगली चेतावनी आंदोलनकारियों ने स्थानीय प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि शहीदों के खून का हिसाब लिया जाएगा और इस बलिदान को भुलाया नहीं जाएगा। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, सरकार को दिया गया अल्टीमेटम अब समाप्त हो चुका है। उन्होंने जनता से एकजुट होने और एक बड़े संघर्ष के लिए तैयार रहने की अपील की है। आंदोलन के नेताओं ने घोषणा की है कि वे जल्द ही अपने प्रदर्शन के अगले और अधिक व्यापक चरण की रूपरेखा पेश करेंगे।
संघर्ष जारी रखने का संकल्प
आंदोलन से जुड़े नेतृत्व ने अपने समर्थकों से आह्वान किया है कि चाहे कितनी भी बाधाएं आएं, विरोध प्रदर्शन अपने निर्धारित लक्ष्य तक जारी रहेंगे और यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है। वर्तमान स्थिति की बात करें तो, इलाके में तनाव काफी अधिक है और सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें:- ईरान के बुशेहर में धमाके, ट्रंप-नेतन्याहू की सीक्रेट फोन कॉल! क्या मिडिल ईस्ट में फिर भड़कने वाली है जंग?
हालांकि, इस पूरी घटना और मौतों को लेकर अब तक पाकिस्तान की सरकार या उनकी सुरक्षा एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। फिलहाल, समूचा पीओके एक अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है।
