Tropical Storm का तांडव, फिलीपींस में भीषण तबाही, 25 की मौत; हालात हुए बेकाबू

Philippine News: फिलीपींस में एक घातक ऊष्ण कटिबंधीय तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तेज़ बारिश और बाढ़ के कारण आई प्राकृतिक आपदा में 25 लोगों की जान चली गई है। कई गांव बाढ़ और भूस्खलन से गंभीर रूप...
Tropical Storm का तांडव, फिलीपींस में भीषण तबाही, 25 की मौत; हालात हुए बेकाबू
Tropical Storm का तांडव, फिलीपींस में भीषण तबाही, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Philippines Tropical Storm: फिलीपींस में एक भीषण ऊष्ण कटिबंधीय तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तेज़ हवाओं के साथ मूसलधार बारिश और बाढ़ के चलते अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है। कई गांव बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आ गए हैं, जहां से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। तूफान के कारण विशेष रूप से देश के उत्तरी पहाड़ी इलाकों में मौसम की स्थिति और ज्यादा खराब हो गई है।

तूफान ‘को-मे’ ने बृहस्पतिवार रात फिलीपींस के पंगासिनान प्रांत स्थित अग्नो कस्बे में दस्तक दी। इस दौरान 165 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं ने भारी तबाही मचाई। हालांकि अब यह तूफान कमजोर पड़ने लगा है और शुक्रवार सुबह इसकी रफ्तार घटकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा रह गई, जबकि इसका रूख उत्तर-पूर्व की ओर है।

तेज बारिश से बाढ़ से 25 की मौत

तूफान के चलते मूसलधार बारिश और बाढ़ की वजह से कई इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गईं। आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार, पिछले सप्ताहांत से अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से अधिकतर की जान अचानक आई बाढ़, पेड़ों के गिरने, भूस्खलन और करंट लगने से गई। इसके अलावा, आठ लोग अभी भी लापता हैं। हालांकि, ‘को-मे’ के सीधे प्रभाव से किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

स्कूलों को बंद रखने का फैसला

सरकार ने तूफान की भारी तबाही को देखते हुए शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन मनीला महानगर क्षेत्र में स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया है, जबकि उत्तरी लुजोन के 35 प्रांतों में भी शिक्षण गतिविधियां स्थगित कर दी गई हैं। बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य के लिए हजारों सैनिकों, पुलिसकर्मियों, कोस्ट गार्ड, अग्निशमन दलों और स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है।

हवाई सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई

तूफानी मौसम के चलते करीब 2,78,000 लोगों को अपने घर छोड़कर आपातकालीन शिविरों या रिश्तेदारों के घरों में शरण लेनी पड़ी है। सरकारी आपदा प्रबंधन एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग 3,000 मकानों को नुकसान पहुंचा है। उत्तर के वे प्रांत जो तूफान की चपेट में हैं या जिन पर तूफान का खतरा मंडरा रहा है, वहां समुद्री और हवाई सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com