खैबर पख्तूनख्वा में लोकतंत्र शर्मसार, CM सोहेल को सुरक्षाकर्मियों की ने पीटा; पूरे देश में मचा बवाल

Pakistan Sohail Afridi News: पाकिस्तान की सियासत में एक बार फिर लोकतंत्र को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पंजाब विधानसभा में खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी के साथ सुरक्षाकर्मियों द्वारा...
Democracy shamed in Khyber Pakhtunkhwa, CM Sohail beaten by security personnel; uproar across the country
सोहेल अफरीदी, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

Pakistan News In Hindi: पाकिस्तान में लोकतंत्र की स्थिति को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। खैबर पख्तूनख्वा (KP) के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने आरोप लगाया है कि पंजाब विधानसभा में उनके साथ सुरक्षाकर्मियों ने धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसने पाकिस्तान की राजनीति में हलचल मचा दी है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब सीएम सोहेल अफरीदी अपने प्रतिनिधियों के साथ पंजाब विधानसभा परिसर में प्रवेश कर रहे थे। आरोप है कि विधानसभा के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोकने की कोशिश की। इसी दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

लोकतंत्र नहीं बल्कि मार्शल लॉ जैसी स्थिति

बताया जा रहा है कि जब हालात बिगड़ने लगे तो सीएम अफरीदी के प्रतिनिधि फतेह उल्लाह बुर्की बीच-बचाव के लिए आगे आए। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने बुर्की के साथ भी कथित तौर पर बदसलूकी की। कुछ समय बाद अन्य अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद बुर्की को छोड़ा गया।

घटना के बाद खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक बयान जारी करते हुए कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक देश में चुने हुए प्रतिनिधियों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया जाता। पाकिस्तान में इस वक्त लोकतंत्र नहीं बल्कि मार्शल लॉ जैसी स्थिति है।

स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया

अफरीदी ने दावा किया कि पाकिस्तान में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और निर्वाचित नेताओं को जानबूझकर अपमानित किया जा रहा है। उनका कहना था कि यह घटना इस बात का सबूत है कि देश में लोकतंत्र गंभीर खतरे में है।

हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों ने इन आरोपों को खारिज किया है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी नेता को कोई गंभीर चोट नहीं आई है और स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया था।

विपक्षी दलों के बीच बढ़ते राजनीतिक तनाव

गौरतलब है कि पंजाब प्रांत में इस समय पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) की सरकार है और नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज मुख्यमंत्री हैं। वहीं, खैबर पख्तूनख्वा में इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) की सरकार है और सोहेल अफरीदी वहां के मुख्यमंत्री हैं। ऐसे में यह घटना सत्ताधारी और विपक्षी दलों के बीच बढ़ते राजनीतिक तनाव के तौर पर भी देखी जा रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर विपक्षी दलों ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा है और इसे लोकतांत्रिक मूल्यों का खुला उल्लंघन बताया है। वहीं, सियासी जानकारों का मानना है कि यह मामला पाकिस्तान की पहले से अस्थिर राजनीति को और गर्मा सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com