'पद्मावत' के बाद नया इतिहास रचेंगे भंसाली, बड़े पर्दे पर दिखेगी 'सोमनाथ' की भव्य गाथा, जानिए कब होगी रिलीज

Somnath Temple History Film: फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली अब ‘जय सोमनाथ’ के जरिए सोमनाथ मंदिर के इतिहास और आस्था की अमर गाथा को भव्य अंदाज में पर्दे पर उतारने जा रहे हैं। चलिए जानते हैं कब दस्तक देगी।
Sanjay Leela Bhansali Jai Somnath Movie
संजय लीला भंसाली अपकमिंग फिल्म (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Updated on

Sanjay Leela Bhansali Jai Somnath Movie: ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’, ‘बाजीराव मस्तानी’, ‘राम लीला’ और ‘ब्लैक’ जैसी यादगार फिल्में देने वाले संजय लीला भंसाली एक बार फिर ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित कहानी लेकर आ रहे हैं। इस बार उनका फोकस प्रेम या युद्ध कथा पर  नहीं, बल्कि आस्था, संघर्ष और पुनर्निर्माण की कहानी पर है।

दरअसल, भंसाली प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही फिल्म ‘जय सोमनाथ’ इतिहास के उस अध्याय को सामने लाएगी, जिसने भारत की सांस्कृतिक चेतना को गहराई से प्रभावित किया। फिल्म का निर्देशन दिग्गज फिल्ममेकर केतन मेहता कर रहे हैं।

टीजर में दिखी आस्था की शक्ति

फिल्म की पहली झलक ने दर्शकों में उत्सुकता जगा दी है। वीडियो की शुरुआत सोमनाथ मंदिर के विध्वंस के दृश्य से होती है, जहां धूल और मलबे के बीच इतिहास की त्रासदी झलकती है। इसके बाद उसी धुंध से उभरते नए मंदिर की छवि यह संदेश देती है कि आस्था को मिटाया नहीं जा सकता।

वीडियो के साथ साझा किए गए संदेश में लिखा गया है  “मंदिर तोड़ा जा सकता है, लेकिन आस्था को नहीं।” इस टैगलाइन ने फिल्म की थीम को साफ कर दिया है कि कहानी विनाश से पुनर्जन्म तक की यात्रा को दर्शाएगी।

1000 साल पुरानी ऐतिहासिक घटना

इतिहास के अनुसार 1025-1026 ईस्वी में महमूद गजनवी ने गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण किया था। मंदिर के खजाने को लूटने के साथ-साथ उसे भारी क्षति पहुंचाई गई। हालांकि, यह मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सनातन परंपरा की अटूट आस्था और पुनर्निर्माण की शक्ति का प्रतीक रहा है। बार-बार टूटने के बाद भी इसका पुनर्निर्माण हुआ, जो भारतीय संस्कृति के अदम्य साहस को दर्शाता है। हाल ही में इस ऐतिहासिक घटना के 1000 वर्ष पूरे होने पर देशभर में सोमनाथ की महिमा पर चर्चा हुई।

फिल्म के स्टारकास्ट की अभी घोषणा है बाकी

आपको बता दें कि ‘जय सोमनाथ’ की रिलीज 2027 में प्रस्तावित है, हालांकि स्टारकास्ट और सटीक रिलीज डेट की घोषणा अभी बाकी है। इसके अलावा संजय भंसाली की एक और महत्वाकांक्षी फिल्म लव एंड वॉर भी चर्चा में है, जिसमें रणबीर कपूर और आलिया भट्ट मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिलहाल इतिहास, आस्था और भव्यता का संगम ‘जय सोमनाथ’ को आने वाले वर्षों की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल कर सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com