Los Angeles की सड़क पर कार सवार का आतंक, भीड़ को रौंदा, 10 लोग गंभीर रूप से घायल

अमेरिका के लॉस एंजेलिस में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक कार ने अचानक भीड़ में घुसकर कई लोगों को कुचल दिया। हादसे में लगभग 20 लोगों को चोटें आईं जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
car accident in california los angeles
हादसे के बाद जब्त की गई कार, फोटो: सोशल मीडिया
Updated on

लॉस एंजेलिस में यह घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 2 बजे वेस्ट सांता मोनिका बुलेवार्ड पर हुई। बताया जा रहा है कि एक अनियंत्रित कार भीड़ की ओर बढ़ी और लोगों को कुचलते हुए आगे जाकर रुक गई। लॉस एंजेलिस फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया है।

इस हादसे में 20 से ज्यादा लोगों को चोटें आई हैं। कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि हादसा जानबूझकर किया गया था या किसी लापरवाही का नतीजा था। कार या उसके ड्राइवर की पहचान अभी तक उजागर नहीं की गई है।

महिला ने सुनी थी गोली चलने की आवाज

सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में मौके पर ढेरों पुलिसकर्मी और फायर ब्रिगेड के लोग देखे जा सकते हैं। इस वीडियो में एक ग्रे रंग की क्षतिग्रस्त कार और सड़क पर बिखरा मलबा दिखाई दे रहा है। एक महिला ने आंखों देखा हाल बताया कि उसने गाड़ी के भीड़ में घुसने से ठीक पहले गोली चलने जैसी आवाज सुनी थी। उसने यह भी कहा कि ड्राइवर गाड़ी में ही मौजूद था जिसे सिक्योरिटी स्टाफ ने मौके पर पकड़ लिया।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

यह पहली बार नहीं है जब किसी ने भीड़ पर गाड़ी चढ़ा दी हो। तकरीबन दो महीने पहले ब्रिटेन के लिवरपूल में ऐसा ही एक मामला सामने आया था। यहां एक व्यक्ति ने फुटबॉल प्रशंसकों की भीड़ में अपनी कार घुसा दी थी। इस हमले में 47 लोग घायल हुए थे जिनमें से 27 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ये लोग लिवरपूल फुटबॉल क्लब की जीत की खुशी में सड़कों पर विक्ट्री परेड निकाल रहे थे।

ऐसा ही एस मामला जर्मनी के म्यूनिख में हुआ था। यहां एक अफगानी शरणार्थी ने विरोध प्रदर्शन कर रही भीड़ पर गाड़ी चढ़ा दी थी। इस घटना में 28 से अधिक लोग घायल हो गए थे। घटना में पुलिस को संदेह था कि यह हमला जानबूझकर किया गया। लोगों को कार से कुचलने वाले का नाम फरदाह बताया गया था जोकि 2016 में जर्मनी आया था। उस पर इस्लाम विरोधी प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस अधिकारी समेत 6 लोगों को चाकू से घायल करने का आरोप भी था।

Navbharat Live
navbharatlive.com