कुवैत सीमा पर इराक से बड़ा ड्रोन हमला: उत्तरी चौकियों को बनाया निशाना, क्या फिर मंडरा रहा है युद्ध का खतरा?
Kuwait Border Drone Attack: कुवैत की उत्तरी सीमा पर इराक से आए विस्फोटक ड्रोनों ने हमला किया है। जांच में सामने आया है कि इन ड्रोनों को फाइबर-ऑप्टिक वायर के माध्यम से नियंत्रित किया जा रहा था।
- Written By: अमन उपाध्याय
हमले के बाद उठता धुंआ, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Kuwait Border Drone Attack Middle East Tension: खाड़ी क्षेत्र में तनाव एक बार फिर गहरा गया है। कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि देश की उत्तरी सीमा पर स्थित दो सैन्य चौकियों को इराक की ओर से आए विस्फोटक ड्रोनों ने निशाना बनाया है। इस हमले ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सीमावर्ती निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उत्तरी सीमा पर ड्रोन स्ट्राइक
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह हमला शुक्रवार सुबह हुआ। इराक की सीमा से आए दो विस्फोटक ड्रोनों ने कुवैत की उत्तरी जमीनी सीमा के दो केंद्रों पर हमला किया। जांच में सामने आया है कि इन ड्रोनों को फाइबर-ऑप्टिक वायर के माध्यम से नियंत्रित किया जा रहा था।
मंत्रालय ने राहत की बात यह बताई है कि इस हमले में किसी भी सैनिक या नागरिक की जान नहीं गई है, हालांकि सैन्य केंद्रों के सामान और बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद कुवैती सुरक्षा बलों ने स्थिति को अपने नियंत्रण में ले लिया और जवाबी सुरक्षात्मक कदम उठाए।
सम्बंधित ख़बरें
ओमान तट के पास एक और टैंकर पर बड़ा हमला, भीषण आग में घिरा ‘MT Jalveer’; खतरे में 20 नाविकों की जान!
होर्मुज के पास अमेरिकी हमले में 3 भारतीय नाविकों की मौत, ओमान तट पर जहाज को बनाया था निशाना
बर्बादी की कगार पर पाकिस्तान! खुद का देश हिंसा की आग में झुलस रहा, दुनिया में शांतिदूत बन रहे आसिम मुनीर
2025 बना द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे हिंसक साल, 35 देश युद्ध की आग में; अमेरिका-ईरान जंग पर अरबों खर्च
हमलों के पीछे कौन?
कुवैत को निशाना बनाने वाली यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले अप्रैल की शुरुआत में इराक के सशस्त्र समूह ‘सराया औलिया अल-दम’ ने कुवैत, जॉर्डन और सीरिया में हुए हमलों की जिम्मेदारी ली थी। सैन्य अधिकारियों का मानना है कि ईरान से जुड़े हथियारबंद समूहों ने एयरपोर्ट की सुविधाओं को भी निशाना बनाया था, जिसकी मरम्मत का काम अभी भी जारी है।
10 अप्रैल की एक अन्य घटना का उल्लेख करते हुए सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि 24 घंटे के भीतर कुवैती हवाई क्षेत्र में सात दुश्मन ड्रोन देखे गए थे। उस दौरान हुए हमलों में कुवैत के नेशनल गार्ड की महत्वपूर्ण जगहों को निशाना बनाया गया था, जिसमें कुछ जवान घायल भी हुए थे। सेना अब इन बढ़ते हमलों को देखते हुए हाई अलर्ट पर है और किसी भी संभावित घुसपैठ का सामना करने के लिए तैयार है।
एयरपोर्ट और हवाई क्षेत्र पर बड़ा अपडेट
सीमा पर तनाव के बीच एक राहत भरी खबर भी सामने आई है। कुवैत के नागरिक उड्डयन महानिदेशक, शेख हमूद मुबारक हमूद अल-सबह ने घोषणा की है कि कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट का एयरस्पेस अब आधिकारिक तौर पर फिर से खोल दिया गया है। गौरतलब है कि सुरक्षा कारणों और क्षेत्रीय अस्थिरता को देखते हुए 28 फरवरी से ही इस एयरस्पेस को एहतियातन बंद कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें:- 2030 तक अमेरिका को पछाड़ देगा चीन, परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में बनेगा नया ‘सुपरपावर’
पब्लिक अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन के मुताबिक, एयरपोर्ट के टर्मिनल चार और पांच को आने वाले रविवार से कुछ विशिष्ट गंतव्यों के लिए फिर से चालू कर दिया जाएगा। शेख हमूद ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा एजेंसियों के साथ गहन समीक्षा के बाद ही धीरे-धीरे उड़ानों को सामान्य करने की योजना बनाई गई है।
