ईरान का इजरायल पर हमला, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Little India Dimona Missile Attack: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच, ईरान ने इजरायल के सामरिक रूप से महत्वपूर्ण शहर डिमोना पर एक भीषण मिसाइल हमला किया है। शनिवार को हुए इस हमले ने पूरे शहर को दहला दिया है। इजरायल के नेगेव रेगिस्तान में स्थित इस शहर को इजरायल की ‘परमाणु नगरी’ भी कहा जाता है लेकिन इसकी एक और विशेष पहचान ‘लिटिल इंडिया’ के रूप में है।
डिमोना को ‘लिटिल इंडिया’ कहने के पीछे यहां की जनसांख्यिकी और संस्कृति है। यहां भारतीय मूल के यहूदियों की एक बहुत बड़ी आबादी रहती है। मुख्य रूप से महाराष्ट्र से आए ‘बेने इजरायल’ समाज के लोग यहां दशकों से बसे हुए हैं। यहां की सड़कों पर भारतीय संस्कृति की गहरी छाप दिखती है चाहे वह भारतीय मसालों और किराने की दुकानें हों या भारतीय व्यंजनों वाले रेस्तरां। विशेष बात यह है कि यहाँ रहने वाले बहुत से लोग आज भी मराठी भाषा बोलते हैं और भारतीय त्योहारों को बड़े उत्साह से मनाते हैं।
ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों के गिरने से हुए जोरदार धमाकों में 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घायलों में से कुछ की हालत काफी गंभीर बनी हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में शहर के एक हिस्से से धुएं का गुबार उठता और चारों तरफ तबाही का मंजर देखा जा सकता है।
यह हमला इजरायल के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले एयर डिफेंस सिस्टम के लिए एक बड़ी नाकामी माना जा रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, भारी वॉरहेड वाली 2 ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलें इंटरसेप्टर को चकमा देकर सीधे रिहायशी इलाकों में जा गिरीं। हालांकि, यह हमला डिमोना स्थित इजरायल के प्रमुख न्यूक्लियर रिसर्च सेंटर के बेहद करीब हुआ लेकिन इजरायली सेना ने स्पष्ट किया है कि मिसाइलें केंद्र से दूर रिहायशी क्षेत्रों में गिरी हैं और परमाणु केंद्र को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें:- होर्मुज संकट में जापान की ‘एंट्री’, सीजफायर हुआ तो माइंस हटाएगी जापानी सेना; PM ताकाइची का बड़ा फैसला
ईरान ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि यह उसके अपने नतांज न्यूक्लियर फैसिलिटी पर हुए हमले का ‘बदला’ है। इस घटना के बाद न केवल इजरायल में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोग दहशत में हैं बल्कि भारत में भी इसे लेकर गहरी चिंता जताई जा रही है। इजरायल ने इस हमले का कड़ा जवाब देने की चेतावनी दी है जिससे क्षेत्र में पूर्ण युद्ध का खतरा और बढ़ गया है।