

X Down Today: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स बुधवार की शाम को अचानक डाउन हो गया है, जिससे दुनियाभर के करोड़ों यूजर्स परेशान हैं। दुनिया भर के हजारों यूजर्स को इसे एक्सेस करने में दिक्कत आ रही है। आउटेज को ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर (DownDetector) पर शिकायतों की बाढ़ आ गई है। फिलहाल कंपनी की ओर से इस तकनीकी खराबी का कारण पर कुछ नहीं कहा गया है।
‘डाउनडिटेक्टर’ के मुताबिक, रात 8:17 बजे से ही यूजर्स ने प्लेटफॉर्म एक्सेस करने में परेशानी की शिकायत शुरू कर दी थी। रात 8:30 बजे तक भारत में करीब 4,500 से ज्यादा यूजर्स ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। सिर्फ भारत ही नहीं, अमेरिका में भी पिछले 30 मिनट में 14,000 से अधिक यूजर्स ने आउटेज की रिपोर्ट की है।
डाउनडिटेक्टर की वेबसाइट पर लोग दुनिया भर से रियल टाइम कॉमेन्ट करके बता रहे हैं। ज्यादातर लोगों की एक ही समस्या है। फीड लोड नहीं हो रही है तो कहीं पुरानी फीड खुल रही है। कुछ लोगों को ऐप ओपन करने में भी दिक्कतें आ रही हैं।
Downdetector एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जो दुनियाभर की वेबसाइट और ऑनलाइन सेवाओं में आने वाली तकनीकी दिक्कतों को यूजर रिपोर्ट के आधार पर ट्रैक करता है। ऐप और वेबसाइट दोनों में आई समस्या यूजर्स का कहना है कि दिक्कत सिर्फ मोबाइल ऐप में ही नहीं, बल्कि वेबसाइट में भी हो रही है।
फिलहाल इस आउटेज की सटीक वजह साफ नहीं हुई है। कंपनी की तरफ से भी इस बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, आउटेज अक्सर सर्वर गड़बड़ी, नेटवर्क समस्या या प्लेटफॉर्म अपडेट के कारण होते हैं। इससे पहले भी यूजर्स कई बार इस तरह की समस्याओं का सामना कर चुके हैं।