होर्मुज नाकेबंदी से $126 पहुंचा कच्चा तेल, बौखलाए ट्रंप ने भेजा ‘सीक्रेट मैसेज’, क्या छिड़ने वाला है महायुद्ध?
Hormuz Blockade: होर्मुज की नाकेबंदी से कच्चा तेल $126 प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। अमेरिका ने जहाजों की आवाजाही बहाल करने के लिए गुप्त कूटनीतिक संदेश भेजकर वैश्विक गठबंधन की मांग की है।
- Written By: अमन उपाध्याय
डोनाल्ड ट्रंप, एआई फोटो
Hormuz Blockade Oil Prices: दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर जारी नाकेबंदी ने वैश्विक अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी है। गुरुवार को कच्चे तेल की कीमतें पिछले चार साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 126 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गईं। ईरान और अमेरिका के बीच जारी इस तनाव ने दुनिया भर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आग लगा दी है जिससे अब वैश्विक आर्थिक मंदी का खतरा मंडराने लगा है।
ट्रंप का ‘सीक्रेट मैसेज’
तेल की आसमान छूती कीमतों और ठप पड़ी सप्लाई से परेशान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा कूटनीतिक कदम उठाया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने दुनिया के विभिन्न देशों को एक गुप्त कूटनीतिक संदेश भेजा है।
रॉयटर्स द्वारा देखे गए इस केबल में अमेरिका ने होर्मुज में जहाजों की आवाजाही को फिर से बहाल करने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय गठबंधन बनाने की अपील की है। अमेरिका चाहता है कि दुनिया भर की ताकतें एक साथ आकर इस समुद्री मार्ग को सुरक्षित करें, जहाँ से दुनिया की 20% तेल और गैस की आपूर्ति होती है।
सम्बंधित ख़बरें
CPEC Funding को लगा झटका, चीन ने रोकी मदद तो अब खुद ही हाईवे बनाएगा कंगाल पाकिस्तान
Diplomatic Dispute: अर्जेंटीना के राष्ट्रपति माइली के बिगड़े बोल! ब्राजील के राष्ट्रपति लूला को बोला ‘चोर’
तनाव के बीच अरामको को रिकॉर्ड मुनाफा! जानिए Saudi ने होर्मुज बंद होने पर क्या चाल चली
अंतरिक्ष में बड़ा हादसा! आज चंद्रमा से टकराया 4 हजार किलो वजनी SpaceX Rocket का टुकड़ा
ईरान का पलटवार
दूसरी ओर, ईरान इस स्थिति पर बेहद आक्रामक और बेखौफ नजर आ रहा है। ईरान ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अमेरिकी नाकेबंदी का उसके तेल उत्पादन पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ा है बल्कि इसका उल्टा असर अमेरिका और उसके सहयोगियों पर हो रहा है।
तेहरान ने चेतावनी दी है कि जब तक उस पर मंडराता खतरा बना रहेगा, वह होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को रोकता रहेगा। ईरान ने यहाँ तक दावा किया है कि आने वाले दिनों में कच्चे तेल की कीमतें 140 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकती हैं, जिससे ट्रंप प्रशासन की मुश्किलें और बढ़ेंगी।
सैन्य हमले की तैयारी
जैसे-जैसे कूटनीतिक बातचीत के रास्ते बंद हो रहे हैं, सैन्य टकराव की आशंका बढ़ती जा रही है। एक्सियोस की एक रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप गुरुवार को ईरान पर नए सैन्य हमलों की योजना पर ब्रीफिंग लेने वाले हैं। ट्रंप का लक्ष्य ईरान पर इतना दबाव बनाना है कि वह फिर से बातचीत की मेज पर आने को मजबूर हो जाए।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर साझा की जिसमें वह मशीन गन पकड़े नजर आ रहे हैं और साथ में संदेश लिखा है कि मैं अब मिस्टर नाइस नहीं रहा। उनका इशारा साफ है कि अमेरिका अब ईरान के परमाणु कार्यक्रम और समुद्री दखलअंदाजी को लेकर कोई बड़ा कदम उठाने वाला है।
यह भी पढ़ें:- NATO में पड़ी बड़ी दरार! ईरान जंग पर ट्रंप और सहयोगियों में ठनी, क्या भारत बनेगा ‘शांति का मसीहा’?
दुनिया पर आर्थिक मंदी का साया
28 फरवरी को शुरू हुए इस संघर्ष के दो महीने बाद भी स्थिति नियंत्रण से बाहर है। साल की शुरुआत से अब तक ब्रेंट क्रूड की कीमतें दोगुनी से अधिक हो चुकी हैं। अगर जल्द ही होर्मुज स्ट्रेट को नहीं खोला गया, तो ऊर्जा संकट गहराने से दुनिया भर में महंगाई और बेरोजगारी का एक नया दौर शुरू हो सकता है। फिलहाल, पूरी दुनिया की नजरें ट्रंप के अगले कदम और प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय गठबंधन पर टिकी हैं।
