

Wedding Bride Laptop Viral Photo : आजकल भारत में वर्क प्रेशर और वर्क-लाइफ बैलेंस को लेकर लगातार बहस चल रही है। एक तरफ ‘राइट टू डिस्कनेक्ट’ जैसे मुद्दे उठ रहे हैं, जिसमें यह मांग की जा रही है कि ऑफिस टाइम के बाद कर्मचारियों को काम से दूर रहने का कानूनी अधिकार मिलना चाहिए। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसी तस्वीर वायरल हुई है, जिसने इस बहस को और तेज कर दिया है।
इस तस्वीर में एक दुल्हन शादी के मंडप में पूरे ब्राइडल लुक में बैठी है, लेकिन उसके सामने लैपटॉप खुला हुआ है और वह ऑफिस का काम करती नजर आ रही है। शादी जैसे खास मौके पर काम करने का यह दृश्य लोगों को हैरान कर रहा है।
वायरल तस्वीर को X (पहले ट्विटर) पर KoyalAI स्टार्टअप के CEO मेहुल अग्रवाल ने शेयर किया है। उन्होंने बताया कि तस्वीर में दिख रही दुल्हन उनकी बहन गौरी अग्रवाल हैं, जो KoyalAI की को-फाउंडर भी हैं। मेहुल के मुताबिक, शादी की एक रस्म पूरी होने के महज 10 मिनट बाद कंपनी के सिस्टम में एक बड़ा तकनीकी बग आ गया था।
यह समस्या तुरंत ठीक करना जरूरी था, क्योंकि इसका असर कस्टमर एक्सपीरियंस पर पड़ सकता था। ऐसे में गौरी ने शादी के मंडप में ही बैठकर लैपटॉप खोला और टीम के साथ मिलकर उस बग को सुलझाया।
इस तस्वीर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की राय बंट गई। कई यूजर्स ने गौरी के समर्पण और प्रोफेशनल जिम्मेदारी की तारीफ की और कहा कि जब फाउंडर्स खुद इतनी मेहनत करते हैं, तभी स्टार्टअप आगे बढ़ता है। वहीं दूसरी ओर कई लोगों ने इसे खराब वर्क कल्चर का उदाहरण बताया।
उनका कहना है कि शादी जैसे निजी और यादगार पल में भी काम करना इस बात का संकेत है कि आज की कॉरपोरेट संस्कृति में काम का दबाव जरूरत से ज्यादा बढ़ गया है। कुल मिलाकर यह तस्वीर लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर रही है कि आखिर काम और निजी जिंदगी के बीच संतुलन कहां होना चाहिए।