

Emotional Viral Video : बेंगलुरु में रहने वाली एक रूसी महिला का दिल छू लेने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। याना नाम की महिला ने अपनी हाउस हेल्प के लिए ऐसा सरप्राइज प्लान किया, जिसे वह शायद जिंदगी भर नहीं भूल पाएगी। याना को पता चला कि उनकी हाउस हेल्प ने कभी अपना जन्मदिन केक काटकर नहीं मनाया था।
इसके बाद उन्होंने अपने परिवार के साथ मिलकर उसका जन्मदिन खास बनाने का फैसला किया। वीडियो में याना पहले बर्थडे केक तैयार करती नजर आती हैं। इसके बाद उनकी छोटी बेटी घर के दरवाजे पर हाउस हेल्प का स्वागत करती है। जैसे ही वह अंदर आती है, याना हाथ में जलती मोमबत्तियों वाला केक लेकर सामने आती हैं और पूरा परिवार उन्हें जन्मदिन की बधाई देता है।
अचानक मिले इस सरप्राइज से हाउस हेल्प बेहद भावुक हो जाती हैं। वीडियो में उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आती है और वह अपनी आंखों से आंसू पोंछती दिखाई देती हैं। याना उन्हें गले लगाती हैं, जिसके बाद वह केक की ओर झुककर मोमबत्तियां बुझाती हैं। इसके बाद याना की बेटी भी उन्हें गले लगाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं देती है।
इस छोटे से सेलिब्रेशन में कोई महंगा तोहफा या बड़ी पार्टी नहीं थी, लेकिन उस पल की भावनाएं लोगों का दिल जीत रही हैं। याना द्वारा साझा किए गए वीडियो ने सोशल मीडिया यूजर्स को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि किसी के लिए छोटी-सी खुशी का इंतजाम करना भी उसके लिए बेहद खास याद बन सकता है।
वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स ने याना और उनके परिवार की जमकर तारीफ की। एक यूजर ने दुआ करते हुए लिखा कि उस महिला के जीवन में हमेशा ऐसे लोग रहें, जो उसकी परवाह करें। वहीं, एक अन्य यूजर ने उनके 'खुशी के आंसुओं' को देखकर कहा कि इस पल ने साफ कर दिया कि यह सरप्राइज उनके लिए कितना मायने रखता था।
कुछ लोगों ने कहा कि दयालुता और इंसानियत किसी भी ताकत से ज्यादा मायने रखती है। एक यूजर ने यह भी लिखा कि असल मायने तो तोहफे के नहीं, बल्कि किसी के लिए खास पल बनाने की कोशिश के होते हैं। इस वीडियो ने दिखाया कि एक साधारण-सा बर्थडे केक भी किसी की जिंदगी की बेहद यादगार खुशी बन सकता है।