11 साल की उम्र में सिर से उठा पिता का साया, नहीं था अपना घर; दिल्ली में लस्सी बेचकर खड़ा किया 2 मंजिला मकान

Delhi Lassi Seller : दिल्ली में साइकिल पर लस्सी बेचने वाले शख्स की कहानी वायरल हो रही है। 11 साल की उम्र में पिता को खोने के बाद उन्होंने मेहनत से परिवार संभाला और दो मंजिला घर बनाया।
Orphaned at 11, a Delhi lassi seller supported his family through years of hard work.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट(सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Motivational Story : कहते हैं कि हालात चाहे कितने भी मुश्किल क्यों न हों, अगर इंसान मेहनत करना न छोड़े तो एक दिन उसकी जिंदगी जरूर बदल सकती है। दिल्ली में साइकिल पर लस्सी बेचने वाले एक शख्स की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रही है। डिजिटल क्रिएटर उपेन वर्मा के साथ हुए एक स्ट्रीट इंटरव्यू में उन्होंने अपने संघर्ष की कहानी बताई। उन्होंने बताया कि महज 11 साल की उम्र में उन्होंने अपने पिता को खो दिया था और उस समय परिवार के पास रहने के लिए अपना घर तक नहीं था।

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में शख्स बताते हैं कि पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी काफी हद तक उनके कंधों पर आ गई। उस समय परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी। उन्होंने छोटी उम्र में ही काम करना शुरू कर दिया और वर्षों तक मेहनत करते रहे। इसी कमाई से उन्होंने परिवार को संभाला, भाई-बहनों की शादियां कराईं और बाद में अपना परिवार भी बसाया।

आज लस्सी बेचकर कमाते हैं 80-90 हजार

शख्स के मुताबिक, आज वह दिल्ली में साइकिल पर लस्सी बेचते हैं और इससे हर महीने करीब 80 से 90 हजार रुपये तक कमा लेते हैं। उन्होंने अपनी कमाई और बचत का इस्तेमाल परिवार के लिए उत्तर प्रदेश में दो मंजिला पक्का मकान बनवाने में किया। उनके लिए यह घर सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष और मेहनत का नतीजा है।

वह कहते हैं कि आज भगवान की कृपा से अच्छी कमाई हो रही है और इसी मेहनत की बदौलत वह अपने परिवार के लिए घर बना पाए हैं। इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि उन्हें जिंदगी में सबसे ज्यादा किस चीज की याद आती है, तो उनका जवाब भावुक कर देने वाला था। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने पिता की जिंदगी याद आती है। वह बताते हैं कि बचपन में उनके मन में यह बात रहती थी कि परिवार के पास अपना घर नहीं है।

सोशल मीडिया पर लोगों ने की जमकर तारीफ

महज 11 साल की उम्र से काम शुरू करने वाले इस शख्स की कहानी बताती है कि छोटे काम को छोटा समझे बिना लगातार मेहनत की जाए तो जिंदगी की परिस्थितियां बदली जा सकती हैं। वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स उनकी मेहनत और संघर्ष की कहानी की तारीफ कर रहे हैं।

लोगों का कहना है कि ऐसी कहानियां उन लोगों को हिम्मत देती हैं, जो मुश्किल परिस्थितियों में हार मानने लगते हैं। कई यूजर्स ने उनकी कहानी को इंटरनेट पर मिलने वाली सबसे प्रेरणादायक कहानियों में से एक बताया। लोगों ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगातार प्रयास से इंसान अपनी जिंदगी की दिशा बदल सकता है।

Orphaned at 11, a Delhi lassi seller supported his family through years of hard work.
ट्रैक पर हाथियों का झुंड, सामने थी तेज रफ्तार ट्रेन! वनकर्मी की सूझबूझ से बचीं कई जानें, CM हिमंता ने की तारीफ
Navbharat Live
navbharatlive.com