

Rapido Controversy : सड़क पर वाहन चलाते समय पूरा ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है, लेकिन लापरवाही कई बार बड़े हादसे की वजह बन सकती है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में यही लापरवाही विवाद का कारण बन गई। वीडियो में दिखता है कि एक रैपिडो कैब ड्राइवर सवारी के दौरान फोन पर बात करते हुए ड्राइव कर रहा था।
उसने एक हाथ में मोबाइल पकड़ रखा था और दूसरे हाथ से ड्राइव कर रहा था। इसी दौरान एक्सीडेंट होते-होते बचा, जिसके बाद कस्टमर ने उसे फोन पर बात न करने की सलाह दी।
कस्टमर की यही बात ड्राइवर को नागवार गुजर गई और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ड्राइवर अचानक गाड़ी रोकता है और हाथ में रॉड लेकर नीचे उतर आता है।
वह गुस्से में कस्टमर की तरफ बढ़ता है, जबकि कस्टमर पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में रिकॉर्ड करता रहता है। मौके पर मौजूद लोग ड्राइवर को शांत कराने और सड़क से हटने के लिए कहते नजर आते हैं। भीड़ के दबाव के चलते ड्राइवर वहां से कैब लेकर चला जाता है।
यह वीडियो X (ट्विटर) पर @ShoaibDaniyal नाम के यूजर ने शेयर किया है। यूजर का आरोप है कि घटना के बाद दो दिन बीत जाने के बावजूद रैपिडो की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है और संबंधित ड्राइवर अब भी प्लेटफॉर्म पर सक्रिय है।
वीडियो वायरल होने के बाद लोग कंपनी से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि ऐसी लापरवाही यात्रियों की जान के लिए खतरा बन सकती है और इस पर तुरंत एक्शन लिया जाना चाहिए।