‘हमारे सिर के साइज का हेलमेट ही नहीं बनता’, शख्स के जवाब पर मुस्कुरा उठे ट्रैफिक पुलिस, वीडियो वायरल
Traffic Police Viral Video मध्यप्रदेश में बिना हेलमेट पकड़े गए बुजुर्ग के जवाब पर मुस्कुराए ट्रैफिक पुलिस, चालान की जगह दिया सुरक्षा का संदेश।
- Written By: हितेश तिवारी
वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Funny Traffic Video : ट्रैफिक नियमों को लेकर अक्सर सख्ती, चालान और बहस की खबरें सामने आती रहती हैं, लेकिन कभी-कभी ऐसी घटनाएं भी सामने आती हैं जो मुस्कान के साथ एक जरूरी संदेश दे जाती हैं। मध्यप्रदेश से आया एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी बिना हेलमेट बाइक चला रहे बुजुर्ग व्यक्ति को रोकता है और सामान्य अंदाज में पूछता है कि वे बिना हेलमेट क्यों चला रहे हैं। इस पर बुजुर्ग मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं, “साहब, हमारे सिर के साइज का हेलमेट ही नहीं बनता।” उनका यह जवाब सुनकर माहौल हल्का हो जाता है।
पुलिस ने कंपनियों से की अपील- हर साइज का हेलमेट बनाए
पहले तो पुलिसकर्मी को इस बात पर यकीन नहीं होता। वह अपना हेलमेट उतारकर बुजुर्ग को पहनने के लिए देता है, लेकिन हेलमेट सिर पर आधे रास्ते में ही अटक जाता है। यह नजारा देखकर आसपास मौजूद लोग हंस पड़ते हैं और खुद पुलिसकर्मी भी मुस्कुरा उठता है।
इसके बाद पुलिसवाला चालान काटने या डांटने की बजाय एक सकारात्मक संदेश देता है। वह हेलमेट बनाने वाली कंपनियों से अपील करता है कि हर साइज के लोगों के लिए हेलमेट बनाए जाएं, क्योंकि सड़क सुरक्षा सबके लिए जरूरी है।
ये खबर भी पढ़ें : ‘यार माफिया’ गाने पर दुल्हन का धमाकेदार डांस, मूव्स देख दूल्हा और ससुराल वाले रह गए हैरान
वीडियो पर यूजर्स ने किए मजेदार कमेंट
इस पूरे वीडियो में न गुस्सा है, न जुर्माने की धमकी, बल्कि समझदारी, इंसानियत और सुरक्षा का साफ संदेश है। वीडियो को इंस्टाग्राम अकाउंट @memes_tube099 से शेयर किया गया है, जिसका कैप्शन भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स इस पर मजेदार कमेंट कर रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, “ये तो मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट है।” दूसरे ने कहा, “चाचा का लाइफ टाइम हेलमेट चालान कोई नहीं कर सकता।” वहीं कई लोगों ने पुलिसकर्मी के व्यवहार की तारीफ करते हुए इसे ट्रैफिक अवेयरनेस का बेहतरीन तरीका बताया है।
