बादलों जैसा दिखा नजारा, हकीकत में जहर; दिल्ली एनसीआर में घने स्मॉग का डरावना वीडियो वायरल

Delhi NCR Smog Video एनसीआर में घने स्मॉग का वीडियो वायरल, बादलों जैसा दिखने वाला नजारा असल में जहरीली हवा की कहानी बयां करता है।
A viral video from NCR shows thick smog covering everything, highlighting the alarming air pollution situation.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Delhi Pollution : सुबह की हल्की रोशनी, सामने फैला सफेद-सा समंदर और दूर तक नजर आते ऊंचे टावर। पहली नजर में यह दृश्य किसी पहाड़ी हिल स्टेशन या बादलों से ढकी वादियों जैसा लगता है, लेकिन सच्चाई जानकर किसी की भी रूह कांप जाए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो दिल्ली एनसीआर के प्रदूषण की भयावह स्थिति को दिखाता है।

लोग जिसे बादल समझ रहे हैं, वह असल में घना स्मॉग है, जिसने पूरे इलाके को अपनी चादर में लपेट लिया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो एनसीआर के एक फ्लैट की करीब 10वीं मंजिल से बनाया गया है, जहां से नीचे की पूरी दुनिया धुएं में गायब नजर आ रही है।

वीडियो में दिखी दिल्ली में प्रदूषण के हालात की गंभीरता

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ऊंची इमारतों के नीचे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा। सड़कें, गाड़ियां, पेड़ और आसपास की कॉलोनियां सब कुछ स्मॉग की मोटी परत में ढंकी हुई हैं। ऊपर से देखने पर ऐसा लगता है जैसे इमारतें बादलों के बीच खड़ी हों, लेकिन यह नजारा बेहद खतरनाक है।

यह सुंदरता नहीं, बल्कि जहरीली हवा का संकेत है, जो लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। हर साल सर्दियों के मौसम में एनसीआर में प्रदूषण का स्तर खतरनाक हद तक पहुंच जाता है, लेकिन इस वीडियो ने हालात की गंभीरता को एक बार फिर सबके सामने रख दिया है।

यूजर्स बोले- एनसीआर अब रहने लायक नहीं बचा

वायरल वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा और चिंता साफ नजर आ रही है। कई यूजर्स ने लिखा कि एनसीआर अब रहने लायक नहीं बचा है। कुछ लोगों ने इसे भविष्य की डरावनी झलक बताया, जहां साफ हवा सिर्फ याद बनकर रह जाएगी।

वहीं कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि हर साल हालात इतने खराब होने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान क्यों नहीं निकाला गया। हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन यह एनसीआर के प्रदूषण की सच्चाई को बयां करता है। यूजर्स लगातार लिख रहे हैं कि “दिल्ली का दम घुट रहा है” और अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com