Rapido Ride Woman Safety : दिल्ली में एक युवती ने Rapido बाइक राइड के दौरान ड्राइवर के कथित अनुचित व्यवहार और सुरक्षा सहायता न मिलने का आरोप लगाया है। इसके बाद महिला सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है।
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट (सोर्स - सोशल मीडिया)
Follow Us
Follow Us :
विस्तार
Rapido Ride Viral Video : दिल्ली में बाइक टैक्सी सेवा के दौरान महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठ खड़े हुए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक युवती ने दावा किया कि Rapido से बुक की गई उसकी रात की राइड के दौरान ड्राइवर कथित तौर पर अनुचित वीडियो देख रहा था। युवती के अनुसार उसने सफदरजंग से मॉडल टाउन जाने के लिए रात करीब 8:48 बजे बाइक राइड बुक की थी।
रास्ते में जब बाइक एक ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी, तब पास खड़ी दूसरी बाइक पर बैठी एक लड़की ने इशारे से उसे सतर्क किया कि चालक मोबाइल पर आपत्तिजनक वीडियो देख रहा है। युवती का कहना है कि जैसे ही ड्राइवर को एहसास हुआ कि उसकी हरकत पर नजर पड़ गई है, उसने तुरंत फोन छिपा लिया। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
युवती ने वीडियो में बताया कि उसे रास्ते की पूरी जानकारी नहीं थी और मंजिल तक पहुंचने में अभी लगभग आधा घंटा बाकी था। ऐसे में उसने सफर पूरा होने तक कोई विवाद नहीं किया। गंतव्य पर पहुंचने के बाद उसने ड्राइवर से पूछा कि वह क्या देख रहा था, जिस पर चालक ने कथित तौर पर जवाब दिया कि वह “विदेशी वीडियो” देख रहा था।
युवती ने उसे कड़ी फटकार लगाई और कहा कि उसके घर वाले भी आने वाले हैं। इसके साथ ही उसने आरोप लगाया कि पूरे सफर के दौरान उसने Rapido की सेफ्टी टीम से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन तत्काल कोई सहायता नहीं मिली। बाद में जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो कंपनी की ओर से कमेंट सेक्शन में संपर्क करने की बात कही गई।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। कई यूजर्स ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में ऐप के इमरजेंसी और सेफ्टी फीचर तुरंत काम करने चाहिए। कुछ लोगों ने अपने अनुभव साझा करते हुए दावा किया कि शिकायत के बाद कंपनी ने अगले दिन संबंधित ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की थी।
हालांकि, इस मामले में Rapido की ओर से आधिकारिक रूप से विस्तृत बयान या कार्रवाई की पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। ऐसे मामलों में विशेषज्ञ महिलाओं को किसी भी असुरक्षित स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन, आपातकालीन संपर्क या पुलिस की सहायता लेने की सलाह देते हैं।