प्रसव के बाद महिला की मौत; NH-29 पर शव रखकर किया हंगामा, डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन
Varanasi News: वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र में प्रसव के बाद 22 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए NH-29 पर शव रखकर प्रदर्शन किया।
- Reported By: धर्मेंद्र कुमार चौबे | Edited By: स्निग्धा श्रीवास्तव
परिजनों का प्रदर्शन (सोर्स- फोटो नवभारत)
Death Of Woman After Childbirth Varanasi Hospital: चौबेपुर थाना क्षेत्र के चिरईगांव स्थित रुस्तमपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अभय क्लीनिक एंड मैटरनिटी होम में 22 वर्षीय कंचन कुमारी की प्रसव के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की और बाद में शव को NH-29 पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। मृतका के परिजनों ने संबंधित डॉक्टर और अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और डॉक्टर को तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ें रहे।
2 अगस्त को दिया जुड़वा बेटों को जन्म
बताया जा रहा है कि 2 अगस्त को कंचन कुमारी ने जुड़वा बेटों को जन्म दिया था। इसके बाद इलाज के लिए उन्हें रुस्तमपुर के चौधरी नगर स्थित अभय क्लीनिक एंड मैटरनिटी होम ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका के पति मिथिलेश कुमार की तहरीर पर अस्पताल के डॉक्टर महेंद्र यादव, एक झोलाछाप डॉक्टर तथा एक नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें- Ayodhya News: 8 अगस्त से अयोध्या में लागू होगा भारी वाहनों का डायवर्जन, जानिए किन रास्तों से गुजरेंगे वाहन
सम्बंधित ख़बरें
फीस बकाया होने पर छात्रों को बनाया बंधक, नासिक में स्वराज्य पार्टी और अभिभावकों ने किया विरोध प्रदर्शन
क्या सच दबा रहा है पाकिस्तान? PoK में बर्बरता की रिपोर्टिंग पर अल-जजीरा वेबसाइट पर लगाया बैन
सावन के पहले सोमवार को बाबा विश्वनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
नवभारत विशेष: केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट के खिलाफ आंदोलन, इसे लेकर इतनी चिंताएं क्यों हैं?
डॉक्टर और अस्पताल के खिलाफ मुकदमा दर्ज
एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी ने बताया कि संबंधित डॉक्टर और अस्पताल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और NH-29 पूरी तरह से बाधित है। स्थिति को नियंत्रित करने और जाम खुलवाने के प्रयास जारी हैं।
