

Ghaziabad Surya Chauhan Murder High Alert: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का चर्चित मामला सूर्या चौहान हत्याकाडं की आग अभी तक बुझी नहीं है। गाजियाबाद में सूर्या की हत्या को लेकर जनता में आक्रोश भरा हुआ है। इस बीच आज यानी शुक्रवार को जुमे की पहली नमाज है। इस दौरान पुलिस और गाजियाबाद प्रशासन हाई अलर्ट पर है।
गाजियाबाद में जुमे की नमाज के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा है। यूपी पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजार किए है। पीएसी और आरपीएफ जवान लगातार इलाके में फ्लैग मार्च कर रहे हैं।
दअसल, सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद हिंदू संगठनों ने सोशल मीडिया के जरिए चेतावनी दी है कि आज खोड़ा में जुमे की नमाद अदा करने नहीं दी जाएगी। बकरीद पर सूर्या की हत्या के बाद मिली धमकी को पुलिस ने गंभीरता से लिया है और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात कर दिया है। इस दौरान किसी को भी सूर्या के घर की ओर जाने की इजाजत नहीं है। पुलिस ने गलियों में पहरा डाले रखा है। खोड़ा में आज 1.30 बजे जुमे की नमाज अदा की जानी है। इसके चलते यूपी पुलिस ने गली-गली में फ्लैग मार्च निकालना शुरू कर दिया है। प्रमुख मार्गों जैसे बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाके में गश्त लगाना जारी है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में लेते हुए 1000 से भी अधिक जवानों की तैनाती की गई है। खोड़ा के सभी इलाकों में ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है।
ड्रोन की मदद से कंट्रोल रूम में लाइव गतिविधियां देखने को मिल रही है। साथ ही कई जगहों पर बिना वर्दी के भी पुलिस बल तैनात है। वरिष्ठ अधिकारी किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने नागरिकों में धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत कर शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।
इंदिरापुरम के ACP अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार की नमाज शांति और सुचारू रूप से संपन्न हो, इसके लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। इलाके में यूपी पुलिस के साथ-साथ PAC और RRF के जवान भी मौजूद हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस की प्राथमिकता हर हाल में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
ACP ने आगे बताया कि जमीनी स्तर पर सुरक्षा इंतजामों के अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी तरह की अफवाह, भड़काऊ पोस्ट या माहौल खराब करने वाली गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।