नमो घाट से क्रूज यात्रा कर दशाश्वमेध पहुंचीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिव्य गंगा आरती में हुईं शामिल
Rekha Gupta Varanasi Visit: सीएम रेखा गुप्ता ने विश्वप्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर सपरिवार गंगा आरती में भाग लेकर मां गंगा का पूजन किया। काशी के घाटों की भव्यता और आध्यात्मिक वातावरण से भावविभोर हुईं।
- Reported By: धर्मेंद्र कुमार चौबे | Edited By: स्निग्धा श्रीवास्तव
सीएम रेखा गुप्ता (फोटो- नवभारत)
Delhi CM Rekha Gupta Varanasi Visit: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान शनिवार को विश्वप्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर आयोजित गंगा आरती में सपरिवार शामिल होकर मां गंगा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।
आरती के दौरान मुख्यमंत्री पूरी तरह भक्ति और आध्यात्मिक भाव में डूबी नजर आईं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा ‘हर-हर गंगे’ और ‘मां गंगा की जय’ के जयघोष के साथ अपनी आस्था व्यक्त की।
गंगा की लहरों के बीच देखी काशी के ऐतिहासिक घाटों की भव्यता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता नमो घाट से क्रूज के माध्यम से दशाश्वमेध घाट पहुंचीं। गंगा की लहरों के बीच नौकायन करते हुए उन्होंने काशी के ऐतिहासिक घाटों की भव्यता, स्वच्छता और सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से देखा। यात्रा के दौरान उन्होंने घाटों के इतिहास, धार्मिक महत्व और सनातन परंपराओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली और काशी की समृद्ध आध्यात्मिक धरोहर की सराहना की।
सम्बंधित ख़बरें
सोनम वांगचुक का मेडिकल बुलेटिन जारी, ब्लड पैरामीटर में हल्का सुधार; मेडिकल टीम रख रही लगातार निगरानी
मानसून सत्र का एजेंडा तय, BAC बैठक में लोकसभा स्पीकर ने लिया फैसला; 6 बड़े विधेयक पर चर्चा के लिए समय तय
सोनम वांगचुक कल खत्म कर देंगे अनशन अगर…पत्नी गीतांजलि का संसद मार्च से पहले बड़ा ऐलान!
जंतर-मंतर पर पूनम पांडे का बड़ा कदम! छात्रों के समर्थन में उतरीं एक्ट्रेस, सरकार से पूछे सवाल, देखें VIDEO

दशाश्वमेध घाट पर सपरिवार किया मां गंगा का पूजन
दशाश्वमेध घाट पहुंचने के बाद उन्होंने सपरिवार मां गंगा का पूजन किया और विश्वविख्यात गंगा आरती का श्रद्धापूर्वक अवलोकन किया। आरती की दिव्यता, वैदिक मंत्रोच्चार और दीपों की अलौकिक छटा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मुख्यमंत्री भी इस आध्यात्मिक अनुभव से भावविभोर दिखाई दीं।
यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: SIT के रडार पर आए 30 बड़े नाम, सुप्रीम कोर्ट के सख्त रुख से एसआईटी के छूटे पसीने!
गंगा सेवा निधि ने किया सम्मानित
आरती के समापन पर गंगा सेवा निधि की ओर से सुशांत मिश्रा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने गंगा में नौका विहार का भी आनंद लिया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ आयुष जायसवाल, नम्रता चौरसिया, आयुषी श्रीमाली, नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर और पूजा पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे। उनके आगमन को देखते हुए दशाश्वमेध घाट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने भी गंगा आरती के इस विशेष अवसर का साक्षी बनकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
