यमुना सफाई अभियान में उतरीं CM रेखा गुप्ता, हजारों वॉलंटियर्स और BJP कार्यकर्ताओं ने किया श्रमदान

Yamuna Ghats: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने यमुना तट पर चलाए गए सफाई अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान भाजपा नेताओं, स्वयंसेवी संगठनों और हजारों कार्यकर्ताओं ने यमुना घाटों की सफाई में हिस्सा लिया।
CM Rekha Gupta joins the Yamuna cleaning drive; thousands of volunteers and BJP workers contribute voluntary labor.
सीएम रेखा गुप्ता यमुना सफाई (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rekha Gupta Yamuna Cleaning: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को मां यमुना तट पर आयोजित ‘मां यमुना नदी तट सफाई अभियान’ का नेतृत्व करते हुए स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश दिया। इस अभियान में दिल्ली सरकार के मंत्री, विधायक, भाजपा कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के हजारों स्वयंसेवकों ने हिस्सा भी लिया। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, आज यहां अलग-अलग संगठनों के हजारों वॉलंटियर्स ने ‘श्रमदान’ में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने भी सफाई अभियान में भाग लिया और ‘श्रमदान’ के ज़रिए योगदान दिया। रविवार सुबह 6 बजे से ही यमुना की सफाई का अभियान लगातार चल रहा है। सैकड़ों ट्रक कूड़ा यहां से निकला है।

यमुना को स्वच्छ रखने के लिए जनभागीदारी पर जोर

रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि कई लोग यमुना में पूजन सामग्रियां, भगवान के वस्त्र और मूर्तियां और टूटे पात्र फेंक देते हैं। ऐसे में हम घर का पूजन सामग्री साफ करके किस भगवान को खुश कर रहे हैं। मां यमुना गंदी होंगी तो कोई भी भगवान प्रसन्न नहीं होंगे। यमुना सफाई जहां सरकार का पूर्ण रूप से दायित्व है, वहीं नागरिकों को इसके प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। यहां रहने वाले सभी लोगों को यमुना में कूड़ा न फेंकने का संकल्प लेना होगा।

22 किलोमीटर लंबे तट पर चला सफाई अभियान

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "आज 22 किमी लंबाई वाले यमुना तट पर कई संस्थाओं के वालिंटियर्स और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सफाई की। यह स्वच्छता अभियान लगातार जारी रहेगा। दिल्ली सरकार पूरी मुस्तैदी से काम करेगी और सभी लोगों को भी यमुना के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करना होगा। केंद्रीय राज्यमंत्री व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ​​ने भी यमुना घाट पर सफाई अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान हर्ष मल्होत्रा ​​ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी व सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने यह जिम्मेदारी उठाई है और आज पूरी दिल्ली में कई वॉलंटरी संगठन 28 अलग-अलग जगहों पर यमुना की सफाई में जुटे हुए हैं।"

भाजपा नेताओं और स्वयंसेवी संगठनों की रही भागीदारी

भाजपा विधायक उमंग बजाज ने बताया कि पूरे दिल्ली में BJP के कार्यकर्ता यमुना की सेवा में सफाई अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा के 12 साल पूरे होने पर पार्टी कार्यकर्ता यमुना घाटों की सफाई कर रहे हैं। भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा, "दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ​​के नेतृत्व में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पूरी कैबिनेट, दिल्ली के सभी सातों सांसद, भाजपा विधायक, नगर पार्षद और हजारों पार्टी कार्यकर्ता यमुना सफाई अभियान के लिए एक साथ आए हैं।"

सफाई मुहिम के तहत लोगों ने किया श्रमदान

बड़े पैमाने पर चलाए गए अभियान में यमुना घाट, आईटीओ घाट और कालिंदी कुंज समेत कई जगहों पर सभी लोगों ने मिलकर सफाई की और नदी के किनारे की सफाई की मुहिम के तहत श्रमदान किया। -एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com