रिटायर सैनिक सतबीर गुर्जर, फोटो- सोशल मीडिया
Janta Darbar: गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र के रहने वाले रिटायर सैनिक सतबीर गुर्जर आज सीएम योगी के यहां फरियाद लेकर आए थे। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उनको अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने जनता दरबार में आने से पहले जहर खा लिया था।
सतबीर गुर्जर जहरीला पदार्थ खाकर दरबार में पहुंचे तो उनकी तबीयत बिगड़ने पर अफरा-तफरी मच गई और अधिकारियों ने तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है और उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में रखा गया है।
सतबीर गुर्जर ने लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विधायक उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं और उनकी जान को खतरा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधायक के इशारे पर उन्हें दबाव और धमकियां मिल रही हैं।
सैनिक सतबीर गुर्जर ने बताया कि यह विवाद अप्रैल महीने से शुरू हुआ। विधायक नंद किशोर गुर्जर ने लोनी क्षेत्र में एक कलश यात्रा निकाली थी। इस दौरान कथित रूप से “नंदू टैक्स” वसूले जाने का मामला सामने आया। सतबीर ने इसका सोशल मीडिया पर विरोध किया था। इसी के बाद से, उनके अनुसार, उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। सतबीर ने कहा कि विधायक से उन्हें जान का खतरा है और मजबूरी में उन्होंने मुख्यमंत्री के दरबार में अपनी जान जोखिम में डालकर यह कदम उठाया, ताकि उनकी आवाज सुनी जा सके।
गुरुवार सुबह सतबीर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे थे। जैसे ही अधिकारियों को पता चला कि उन्होंने जहर खाया है, तुरंत हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। मौके पर मौजूद अन्य फरियादियों और अधिकारियों में भी दहशत फैल गई।
यह भी पढ़ें: हैदराबाद में एक ही घर में 5 लोगों की मौत, हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी पुलिस
इंस्पेक्टर गौतमपल्ली ने बताया कि सतबीर की हालत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने उनसे प्रारंभिक पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी आरोप लगाए गए हैं। इनकी सत्यता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।