प्रयागराज के किशोर सम्प्रेक्षण गृह में किशोर की पिटाई का आरोप, परिजनों ने किया हंगामा और थाने का घेराव
Prayagraj Viral News: प्रयागराज के राजकीय किशोर सम्प्रेक्षण गृह में किशोर की कथित पिटाई के आरोप के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने खुल्दाबाद थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।
- Written By: स्निग्धा श्रीवास्तव
हंगामा करते परिजन(फोटो नवभारत)
Prayagraj Viral News Update: राजकीय किशोर सम्प्रेक्षण गृह में एक किशोर अपचारी की कथित पिटाई का मामला सामने आने के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजनों का आरोप है कि जमानत पर रिहा होने के बाद किशोर जब अपना सामान लेने सम्प्रेक्षण गृह पहुंचा तो वहां अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना से नाराज परिजनों ने पहले सम्प्रेक्षण गृह और बाद में खुल्दाबाद थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की।
मारपीट के मामले में 3 मई को भेजा गया राजकीय किशोर सम्प्रेक्षण गृह
जानकारी के अनुसार करछना क्षेत्र निवासी सुंदर पाण्डेय का लगभग 16 वर्षीय पुत्र मंगल पाण्डेय को मारपीट के एक मामले में 3 मई को राजकीय किशोर सम्प्रेक्षण गृह में रखा गया था। परिजनों का आरोप है कि तीन दिन पहले भी सम्प्रेक्षण गृह के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उसकी पिटाई की थी, जिससे वह बेहोश हो गया था। हालत गंभीर होने पर उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जमानत मिलने के बाद किशोर की पिटाई
शुक्रवार को किशोर को न्यायालय से जमानत मिल गई और शनिवार को उसे रिहा कर दिया गया। आरोप है कि देर शाम वह अपना कपड़ा और अन्य सामान लेने दोबारा सम्प्रेक्षण गृह पहुंचा। इसी दौरान अधीक्षक, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने उसे फिर से पीट दिया। परिजनों के मुताबिक पिटाई इतनी गंभीर थी कि किशोर खून से लथपथ हो गया। बाहर मौजूद परिवार के लोगों ने उसकी चीख-पुकार सुनी और जाली के पास पहुंचकर देखा तो हंगामा शुरू कर दिया।
सम्बंधित ख़बरें
Nagpur Station Alert: नागपुर रेलवे स्टेशन पर बढ़ा चोरों का आतंक, यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल
UP Board: यूपी बोर्ड के 50 लाख छात्रों का इंतजार खत्म, अगले सप्ताह स्कूलों में मिलेंगे अंकपत्र और प्रमाणपत्र
Police Encounter: आगरा में एक ही रात में दो पुलिस मुठभेड़, चार आरोपी गिरफ्तार; तीन बदमाशों के पैर में लगी गोली
अमरावती में सरेराह खूनी खेल! असोरिया पेट्रोल पंप के पास युवक पर चाकू से हमला, हवाई फायरिंग से इलाके में दहशत
यह भी पढ़ें- कानपुर के ईएसआई अस्पताल में बवाल, तीन स्टाफ नर्सों पर सीएमएस से जूतों से मारपीट का आरोप; मुकदमा दर्ज
पुलिस ने दिया कानूनी कार्रवाई का आश्वासन
मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने सम्प्रेक्षण गृह प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। बाद में वे खुल्दाबाद थाने पहुंचे और वहां भी विरोध प्रदर्शन किया। खुल्दाबाद इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि एक पक्ष की ओर से मारपीट का आरोप लगाया गया है। परिजनों को थाने बुलाकर उनकी बात सुनी गई है। सम्प्रेक्षण गृह के अधिकारियों से भी वार्ता की जाएगी, जिसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं जिला प्रोबेशन अधिकारी सर्वजीत सिंह ने कहा कि पूरे मामले की स्वयं जांच करेंगे। यदि जांच में कोई अधिकारी, कर्मचारी या सुरक्षा कर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
