इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने की तैयारी में UPPSC, APO भर्ती पर दाखिल होगी अपील

UPPSC Appeal Against Allahabad High Court Order: अदालत ने कहा कि संशोधित परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा दोबारा कराई जाए। इससे पहले हाईकोर्ट ने इस भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी थी।
allahabad high court UPPSC
इलाहाबाद उच्च न्यायालय यूपीपीएससी(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने शासन से मांगी अनुमति

  • 182 पदों पर भर्ती प्रक्रिया में फिर पेच

  • संशोधित मेरिट के आधार पर दोबारा करानी होगी मुख्य परीक्षा

UPPSC Preparing Challenge APO Recruitment Verdict: सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) भर्ती-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द किए जाने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) अपील करने की तैयारी में है। आयोग ने अदालत के आदेश का परीक्षण शुरू कर दिया है। आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी के मुताबिक, आदेश की समीक्षा की जा रही है। अपील दाखिल करने के लिए शासन से अनुमति मांगी जाएगी। ऐसे में 182 पदों पर चल रही एपीओ भर्ती प्रक्रिया एक बार फिर कानूनी पेच में फंस गई है।

25 नवंबर को हाईकोर्ट ने सुनाया था फैसला

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 25 नवंबर 2026 को एपीओ प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम और आरक्षण से संबंधित उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के 9 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञाप को निरस्त कर दिया था। न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने 30 अप्रैल 2026 को घोषित प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को रद्द करते हुए आयोग को नए सिरे से मेरिट सूची तैयार करने का निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि संशोधित परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा दोबारा कराई जाए। इससे पहले हाईकोर्ट ने 28 सितंबर 2026 को इस भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी थी।

allahabad high court UPPSC
UPPSC APO Result: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द किया प्रारंभिक परीक्षा रिजल्ट, नए सिरे से बनेगी मेरिट लिस्ट

321 ओबीसी और 43 एससी अभ्यर्थियों के अंकों पर विवाद

इस मामले में विवाद की मुख्य वजह आरक्षण और अनारक्षित श्रेणी में चयन का नियम बना। याचिका में सामने आया कि प्रारंभिक परीक्षा में 321 ओबीसी और 43 अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के अभ्यर्थियों ने अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक हासिल किए थे। इसके बावजूद आयोग ने उन्हें उनकी मूल आरक्षित श्रेणी तक ही सीमित रखा और अनारक्षित श्रेणी की मेरिट में शामिल नहीं किया। इसी व्यवस्था को चुनौती देते हुए अभ्यर्थियों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

ओपन श्रेणी में सभी वर्गों को समान अवसर देने पर जोर

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि अनारक्षित यानी ओपन श्रेणी किसी एक वर्ग के लिए आरक्षित नहीं होती, बल्कि यह सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए खुली रहती है। यदि आरक्षित वर्ग का कोई अभ्यर्थी अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक प्राप्त करता है और अन्य निर्धारित शर्तें पूरी करता है तो उसे अनारक्षित श्रेणी में स्थान मिलना चाहिए। अदालत ने इस सिद्धांत को चयन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में लागू करने पर जोर दिया। अब आयोग की अपील और शासन की अनुमति पर भर्ती का अगला रास्ता निर्भर करेगा।

allahabad high court UPPSC
प्रयागराज DRM कार्यालय में CBI की छापेमारी, 50 हजार की रिश्वत लेते APO और कार्यालय अधीक्षक गिरफ्तार