मुजफ्फरनगर में पुलिस एनकाउंटर में एक और कुख्यात अपराधी ढेर, 50 हजार रुपये का इनामी था बदमाश अमजद

UP Encounter: यूपी के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने एक बदमाश को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। बदमाश अमजद 50 हजार का इनामी था और उस ओर 40 से ज्यादा मुकदमें दर्ज थे।
criminal Amjad was killed in a police encounter in Muzaffarnagar
मुजफ्फरनगर में पुलिस एनकाउंटर (Image- Social Media)
Updated on

Muzaffarnagar Encounter: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से सुबह-सुबह बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस ने मुठभेड़ में एक कुख्यात बदमाश को मार गिराया है। जानकारी के मुताबिक, 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अमजद पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। इस मुठभेड़ के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर और एक सिपाही भी घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, मौके से एक कार्बाइन, एक पिस्टल, एक बाइक और लूट का सामान बरामद किया गया है। अमजद के खिलाफ 40 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, दिल्ली और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। यह मुठभेड़ बुढाना कोतवाली क्षेत्र में हुई। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

40 आपराधिक मुकदमे थे दर्ज

अमजद (40 वर्ष) हरसोली, थाना शाहपुर का निवासी था और उसके खिलाफ कुल 40 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। बुढ़ाना थाने में उसके खिलाफ लूट का एक मामला दर्ज था, जिसकी जांच के तहत पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। यूपी पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि अमजद शाहपुर क्षेत्र में आने वाला है। इस इनपुट के आधार पर बुढ़ाना और तितावी थानों की पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान वह बाइक से आता हुआ दिखाई दिया।

4 पुलिसवालों को लगी गोली

पुलिस टीम ने उसे कई बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें अमजद घायल हो गया। उसे इलाज के लिए बुढ़ाना सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ के दौरान सिपाही अशफाक और कस्बा इंचार्ज संदीप चौधरी के हाथ में गोली लगी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एसपी देहात आदित्य बंसल, बुढ़ाना कोतवाल सुभाष अत्री और सीओ गजेंद्र सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी, जिससे वे सुरक्षित बच गए।

मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय वर्मा ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com