भारत माता की जय- वंदे मातरम के नारों से गूंजा चौमुहां, तिरंगा बाइक यात्रा को कैबिनेट मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

Mathura Tiranga Yatra: मथुरा के चौमुहां में आजादी महोत्सव के तहत विशाल तिरंगा बाइक यात्रा निकाली गई। कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने हरी झंडी दिखाई। हजारों युवाओं ने लिया हिस्सा।
Mathura Massive Tiranga Bike Rally Held in Chaumuhan Ahead of Independence Day
तिरंगा बाइक यात्रा (सोर्स- फोटो नवभारत)
Updated on

Mathura Tiranga Bike Yatra: मथुरा के चौमुहां में आजादी महोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को चौमुहां ब्लॉक क्षेत्र में देशभक्ति का जोश देखते ही बना। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पंडित शोभाराम शर्मा के नेतृत्व में विशाल तिरंगा बाइक यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी और युवा मोटरसाइकिलों पर सवार होकर शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने हरी झंडी दिखाकर किया।

‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम’ के नारों से गुंजा मथुरा

तिरंगा यात्रा के दौरान हाथों में लहराते राष्ट्रध्वज और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। युवाओं में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने तिरंगा यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और यात्रियों के लिए शीतल जल एवं जलपान की व्यवस्था की।

कैबिनेट मंत्री ने युवाओं के उत्साह की सराहना की

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह की यात्राएं युवाओं और आमजन के भीतर राष्ट्र के प्रति समर्पण और देशभक्ति की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने यात्रा में उमड़े जनसैलाब और युवाओं के उत्साह की सराहना की।

10 से 14 अगस्त तक आयोजित की जाएंगी लंबी तिरंगा यात्रा

भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय ने कहा कि 15 अगस्त तक जिले का कोई भी घर तिरंगे से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि 10 से 14 अगस्त के बीच जिले के प्रत्येक मंडल में एक से दो किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 12 से 14 अगस्त तक शहीद स्मारकों पर स्वच्छता अभियान चलाने और शहीदों के परिजनों का सम्मान करने की भी बात कही।

Mathura Massive Tiranga Bike Rally Held in Chaumuhan Ahead of Independence Day
गन्ना किसानों की समस्या को लेकर उठी आवाज; छाता चीनी मिल दोबारा चालू कराने की मांग तेज, अनशन पर बैठे दीपक शर्मा

राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का आह्वान

यात्रा संयोजक पंडित शोभाराम शर्मा ने कहा कि “राष्ट्र की आन-बान-शान का प्रतीक हमारा तिरंगा प्रत्येक देशवासी के मन में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को जागृत करता है।” उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के समन्वय से इस अभियान को जन-जन का पर्व बनाया जा रहा है। उन्होंने आम नागरिकों से भी तिरंगा यात्रा से जुड़कर राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

तिरंगा बाइक यात्रा चौमुहां ब्लॉक के ग्राम पेलखु से शुरू होकर भरनाखुर्द, पाली, भरनाकला, सहार, अलवाई, रनवारी और सांखी सहित विभिन्न गांवों से होती हुई छाता कस्बे में पहुंचकर संपन्न हुई। कई किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।

यात्रा के गांवों से गुजरने के दौरान ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़कों पर एकत्र हुए और तिरंगा यात्रा का जोरदार स्वागत किया। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई और भारत माता के जयकारों से माहौल गूंज उठा। ग्रामीणों द्वारा लगाए गए जलपान एवं शीतल जल के स्टॉलों ने यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया।

Navbharat Live
navbharatlive.com