मथुरा में केआर पीजी कॉलेज के प्राध्यापक पर छात्रा ने लगाए शोषण के गंभीर आरोप, एबीवीपी का प्रदर्शन

Mathura KR PG College Professor Harassment Allegations: छात्रा ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने उसे ऊंचे स्तर पर खिलाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का प्रलोभन देकर नजदीकियां बढ़ाने का दबाव बनाया।
abvp mathura protest
बीवीपी का प्रदर्शन(सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • एक साल से मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप

  • करियर बर्बाद करने की धमकी देने का भी दावा

  • आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी और पद से हटाने की मांग

Female Student Accuses Professor Harassment: मथुरा स्थित केआर पीजी कॉलेज में एक छात्रा द्वारा गणित विभाग के प्राध्यापक पर मानसिक और शारीरिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। छात्रा का आरोप है कि संबंधित प्राध्यापक पिछले करीब एक वर्ष से उसे परेशान कर रहे थे।

विरोध करने पर उसका करियर बर्बाद करने की धमकी दी गई और खेल प्रतियोगिताओं के ट्रायल में भी उसका नाम चयन सूची से कटवा दिया गया। मामले को लेकर छात्रा ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं के साथ थाना कोतवाली क्षेत्र में प्रदर्शन किया और आरोपी प्राध्यापक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

प्रलोभन देकर बनाया नजदीकियां बढ़ाने का दबाव

पीड़ित छात्रा के मुताबिक, वह केआर पीजी कॉलेज में अध्ययनरत है। उसका आरोप है कि गणित विभाग के प्राध्यापक उसे बार-बार अकेले में बुलाते थे और उसके साथ अनुचित व्यवहार करते थे। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षक ने उसे ऊंचे स्तर पर खिलाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का प्रलोभन देकर नजदीकियां बढ़ाने का दबाव बनाया। जब उसने इस तरह के व्यवहार का विरोध किया और उनकी बात मानने से इनकार कर दिया, तो उसे परेशान किया जाने लगा।

छात्रा का आरोप है कि हॉकी और सॉफ्टबॉल के ट्रायल के दौरान उसके साथ भेदभाव किया गया। उसका नाम चयन सूची से कटवा दिया गया और उससे माफी मांगकर शिक्षक की बात मानने के लिए कहा गया। छात्रा ने ट्रायल के दौरान कोच पर भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि बीते करीब एक साल से वह मानसिक दबाव और उत्पीड़न जैसी परिस्थितियों का सामना कर रही है।

abvp mathura protest
छात्राओं से अभद्रता के आरोप पर आंबेडकर विश्वविद्यालय में संग्राम, एबीवीपी का हंगामा, वीडियो वायरल

डीएम कार्यालय से कोतवाली तक पहुंचा मामला

छात्रा के समर्थन में सामने आए एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि पीड़िता लंबे समय से इस परेशानी से जूझ रही थी। न्याय की उम्मीद में वह जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची थी, जहां से मामला विद्यार्थी परिषद के संज्ञान में आया। इसके बाद परिषद के कार्यकर्ता छात्रा के साथ थाना कोतवाली पहुंचे और आरोपी प्राध्यापक के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने पुलिस और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। कार्रवाई के संबंध में बार-बार टालमटोल की जा रही है। कार्यकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी शिक्षक को थाने बुलाने के संबंध में कभी 15 मिनट में पहुंचने तो कभी बाहर होने की बात कही जा रही है।

गिरफ्तारी और पद से हटाने की मांग, आंदोलन की चेतावनी

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मांग की कि छात्रा के आरोपों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए। जांच प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए आरोपी प्राध्यापक को तत्काल पद से हटाया जाए और आरोपों की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की जाए। इसके साथ ही कॉलेज प्राचार्य और प्रशासनिक अधिकारियों से भी मौके पर पहुंचकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रा को न्याय दिलाने और मामले में ठोस कार्रवाई करने की दिशा में जल्द कदम नहीं उठाए गए तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र करेगी।

फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और आरोपी प्राध्यापक का पक्ष सामने आना बाकी है। पुलिस जांच और कॉलेज प्रशासन की कार्रवाई के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

abvp mathura protest
आगरा में डीजे को लेकर बवाल, दलित दूल्हे को घोड़ी से गिराकर पीटा, बोला- बाबा साहब की फोटो से अभद्रता की