छात्राओं से अभद्रता के आरोप पर आंबेडकर विश्वविद्यालय में संग्राम, एबीवीपी का हंगामा, वीडियो वायरल

Dr. Bhimrao Ambedkar University controversy: छात्राओं का आरोप है कि जब उन्होंने घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया तो प्रोफेसर अत्यधिक नाराज और उग्र हो गए।एक छात्रा का मोबाइल फोन फेंकने का भी आरोप है।
Students staging a protest against Professor BD Shukla
इतिहास विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर बीडी शुक्ला के खिलाफ धरना देते छात्र (सोर्स : नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • प्रोफेसर बीडी शुक्ला के निलंबन की मांग

  • इतिहास विभाग के अध्यक्ष हैं प्रोफेसर बीडी शुक्ला

  • घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Serious Allegations Misconduct by Professor : डॉ.भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय एक बार फिर विवादों के घेरे में है। इस बार विश्वविद्यालय के किसी शैक्षणिक या प्रशासनिक फैसले को लेकर नहीं, बल्कि अपने ही एक प्रोफेसर पर छात्राओं के साथ कथित अभद्रता के गंभीर आरोपों को लेकर विश्वविद्यालय सुर्खियों में है।

ललित कला संस्थान की चार छात्राओं और इतिहास विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर बीडी शुक्ला के बीच पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद अब विश्वविद्यालय परिसर में आंदोलन और टकराव का रूप ले चुका है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मोर्चा खोल दिया।

जहाँ एक तरफ छात्र नेताओं ने कुलपति कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। यहां तक कि कुलपति कार्यालय की ओर जाने वाले गेट का ताला तोड़कर प्रदर्शनकारी अंदर पहुंच गए और कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प भी हुई है

पार्किंग विवाद से शुरू हुआ पूरा मामला

बता दें कि घटना गुरुवार शाम करीब चार बजे की है। डॉ.भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के चर्च रोड स्थित संस्कृति भवन परिसर के बेसमेंट में एमए आर्ट्स प्रथम वर्ष की चार छात्राएं अपनी स्कूटी निकालने पहुंची थीं।

इसी दौरान इतिहास विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर बीडी शुक्ला भी अपनी कार लेकर वहां पहुंचे। पार्किंग में एक अन्य वाहन खड़ा होने के कारण रास्ता बाधित था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। छात्राओं का आरोप है कि प्रोफेसर ने अपनी गाड़ी भी रास्ते में लगा दी, जिससे उनकी स्कूटी निकालने का रास्ता बंद हो गया।

विरोध करने पर प्रोफेसर ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की। छात्राओं ने मारने की धमकी देने और मोबाइल फोन छीनकर फेंकने का भी आरोप लगाया है

वायरल वीडियो ने बढ़ाई मुश्किलें

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गरमा गया। वायरल वीडियो में प्रोफेसर और छात्राओं के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। वीडियो में प्रोफेसर के व्यवहार और इस्तेमाल की गई भाषा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

छात्राओं का आरोप है कि जब उन्होंने घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया तो प्रोफेसर अत्यधिक नाराज और उग्र हो गए। एक छात्रा का मोबाइल फोन फेंकने का भी आरोप है।

घटना के बाद सवाल उठने लगे हैं कि आखिर विश्वविद्यालय परिसर में छात्राओं के साथ इस तरह का व्यवहार कितना उचित है और क्या छात्राओं को अपनी शिकायत रखने के लिए भी संघर्ष करना पड़ेगा?

एबीवीपी ने खोला मोर्चा, कुलपति कार्यालय का घेराव

वीडियो वायरल होने के बाद शुक्रवार को एबीवीपी कार्यकर्ता विश्वविद्यालय पहुंच गए। छात्र नेताओं ने आरोपी प्रोफेसर के तत्काल निलंबन और छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में जमकर नारेबाजी हुई।

छात्र नेता कुलपति कार्यालय की ओर बढ़े तो वहां गेट पर ताला लगा मिला। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने ताला तोड़ दिया और अंदर पहुंचकर कुलपति कार्यालय का घेराव किया। छात्र नेता कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। करीब चार घंटे तक प्रदर्शन और नारेबाजी का दौर चलता रहा।

पुलिस के पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच भी जबरदस्त कहासुनी और झड़प हुई। एबीवीपी नेताओं का कहना था कि छात्राओं के सम्मान से जुड़े मामले में केवल जांच समिति गठित कर देना पर्याप्त नहीं है। आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई होनी चाहिए।

कुलपति की जांच समिति पर टिकी निगाहें

मामले के तूल पकड़ने के बाद कुलपति प्रोफेसर आशु रानी ने जांच समिति गठित करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मामला छात्राओं से संबंधित है, इसलिए जांच समिति में महिला शिक्षिका को भी शामिल किया जाएगा।

समिति दोनों पक्षों को सुनने के साथ पूरे घटनाक्रम और वायरल वीडियो की पड़ताल करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कुलपति ने छात्राओं की सुरक्षा और मामले को गंभीरता से लेने का भरोसा भी दिया।

हालांकि, जब मीडिया ने उनसे सवाल किए तो उनका कहना था कि दोनों पक्षों को संयम बरतना चाहिए था, जिस पर छात्र नेताओं की नाराजगी है। उनका कहना है कि छात्राओं के साथ कथित अभद्रता के मामले में प्राथमिकता आरोपों की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करना होनी चाहिए।

Students staging a protest against Professor BD Shukla
Agra: आगरा विश्वविद्यालय में छात्रों का हल्लाबोल, परीक्षा नियंत्रक के 'लापता' होने के लगाए पोस्टर

प्रोफेसर ने आरोपों से किया इनकार

दूसरी ओर, प्रोफेसर बीडी शुक्ला ने अपने ऊपर लगाए गए गाली-गलौज के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि वह छात्राओं को निर्धारित पार्किंग स्थल पर स्कूटी खड़ी करने के लिए समझाने का प्रयास कर रहे थे।

उन्होंने छात्राओं से गाली-गलौज करने की बात से इनकार किया है। ऐसे में अब जांच समिति के सामने दोनों पक्षों के बयान और वायरल वीडियो की वास्तविक परिस्थितियों की पड़ताल करना महत्वपूर्ण होगा।

जांच या कार्रवाई, विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती

डॉ.भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में यह घटनाक्रम कई सवाल छोड़ गया है। पार्किंग जैसे मामूली विवाद से शुरू हुआ मामला छात्राओं के सम्मान, शिक्षक के आचरण और विश्वविद्यालय प्रशासन की जवाबदेही तक पहुंच गया है।

एक तरफ छात्र संगठन आरोपी प्रोफेसर के निलंबन की मांग पर अड़े हैं, दूसरी तरफ विश्वविद्यालय प्रशासन जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई का भरोसा दे रहा है। अब देखना होगा कि जांच कितनी निष्पक्ष और समयबद्ध होती है।

सबसे अहम यह कि छात्राओं को बिना किसी शैक्षणिक दबाव या भय के अपनी बात रखने का अवसर मिल पाता है या नहीं।

Students staging a protest against Professor BD Shukla
गोरखपुर को मिलेगी प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की सौगात, योगी करेंगे शिलान्यास