मथुरा में पराली जलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने FIR और जुर्माने के दिए निर्देश

Stubble Burning Action Mathura: मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने पराली जलाने वालों के खिलाफ FIR, नोटिस और जुर्माने की कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में आईजीआरएस शिकायतों की भी समीक्षा की गई।
Mathura DM Order FOR and Fines Against Stubble Burning, Reviews Rural Development Schemes
समीक्षा बैठक(सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • गांव-गांव मुनादी और चौपाल लगाकर चलेगा जागरूक अभियान

  • आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी जोर

  • राशन की 40 नई दुकानों के निर्माण में से 22 का काम पूरा

  • शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने के भी निर्देश

Mathura DM Chandra Prakash Singh: जनपद में पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पराली जलाने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए। इसके साथ ही संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने, जुर्माना लगाने और उसकी वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने गांव-गांव मुनादी कराने और चौपाल लगाकर किसानों को पराली प्रबंधन के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में पराली प्रबंधन, विकसित भारत–रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, फैमिली आईडी, आईजीआरएस, गौशालाओं तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों और सभी खंड विकास अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Mathura DM Order FOR and Fines Against Stubble Burning, Reviews Rural Development Schemes
आगरा में खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन की तैयारियां तेज, 100 पोलिंग पार्टियां गठित

पराली प्रबंधन में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

पराली प्रबंधन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि फसल अवशेष जलाने से पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। इसलिए किसानों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए और फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लिए उपलब्ध कृषि यंत्रों एवं संसाधनों का इस्तेमाल सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने और शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई करने को कहा।

जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों में मुनादी कराने के साथ बैठकें और चौपाल आयोजित कर किसानों को जागरूक किया जाए। पराली जलाने की घटनाएं सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माने की वसूली भी सुनिश्चित की जाए।

गौशालाओं के लिए भूसा दान कराने के निर्देश

बैठक में गौशालाओं के लिए भूसे की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को किसानों से भूसा दान कराने और आवश्यकता के अनुसार भूसा क्रय करने के निर्देश दिए, ताकि गोवंश के लिए चारे की पर्याप्त व्यवस्था बनी रहे।

Mathura DM Order FOR and Fines Against Stubble Burning, Reviews Rural Development Schemes
वाराणसी में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन; मैदागिन तक निकाला जुलूस, कांग्रेस कार्यालय का किया घेराव

आवास और रोजगार योजनाओं की समीक्षा

विकसित भारत–रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने लंबित आवासों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने पर जोर दिया। स्वयं सहायता समूहों की समीक्षा करते हुए महिलाओं को समूहों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

40 राशन दुकानों में से 22 का निर्माण पूरा

बैठक में राशन की नई दुकानों के निर्माण की स्थिति की समीक्षा के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि कुल 40 दुकानों का निर्माण कराया जाना था, जिनमें से 22 दुकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने शेष दुकानों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय में पूरा कराने को कहा। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Mathura DM Order FOR and Fines Against Stubble Burning, Reviews Rural Development Schemes
कैंसर के मरीजों को अपने घर से निकाल दे रहे हैं लोग: काशी के 'अपना घर आश्रम' में कराह रहे कई बुजुर्ग

शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता जरूरी

फैमिली आईडी की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं, पंचायती राज विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन और अन्य लंबित देयकों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने को कहा।

आईजीआरएस के तहत प्राप्त जनशिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और संतोषजनक समाधान किया जाए। इसके लिए समयबद्ध कार्रवाई, भौतिक सत्यापन और आवश्यकतानुसार शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, जिला पूर्ति अधिकारी संजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सभी खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com